Advertisement

सोनपुर के समग्र एवं एकीकृत विकास को लेकर उच्चस्तरीय बैठक

आधुनिक आर्थिक व् पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर मंथन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर आयोजना क्षेत्र के समग्र एवं एकीकृत विकास को लेकर 9 अगस्त को बिहार की राजधानी पटना स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में एक उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय बैठक आयोजित की गई।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में करीब दो घंटे तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सांसद रूडी ने सोनपुर के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर आधारित एक विस्तृत पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) प्रस्तुत किया, जिसमें क्षेत्र को एक आधुनिक, नियोजित आर्थिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की रूपरेखा रखी गई।

बताया जाता है कि उक्त बैठक में सोनपुर के आगामी 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहरी विस्तार, सुचारू पेयजल आपूर्ति और समग्र अवस्थापना विकास पर व्यापक मंथन किया गया। सांसद रूडी ने कहा कि सोनपुर पटना के निकट होने के कारण स्वाभाविक शहरी विस्तार की क्षमता रखता है। इसके साथ ही गंगा नदी पर स्थित जेपी सेतु, दीघा-सोनपुर नया सिक्स लेन सेतु, शेरपुर-दिघवारा पुल और उत्तरी रिंग रोड जैसी परियोजनाएं इसे विशिष्ट बनाती हैं।

चर्चा के दौरान प्रस्तावित सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी, दिघवारा-कोन्हवा एनएच-722 और सैटेलाइट सिटी की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए समन्वित कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, गंगा-अंबिका पथ, जल निकासी, बाढ़ प्रबंधन और गंगा के नेविगेशन चैनल से जुड़ी दीर्घकालिक योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में सोनपुर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को बढ़ावा देने के लिए प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर को पर्यटन विकास से जोड़ने पर विशेष रूप से विचार किया गया। साथ ही, प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप को आधुनिक और सुनियोजित शहरी विस्तार के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को टटोला गया। जल संसाधन और सिंचाई परियोजनाओं में अंतर-विभागीय तालमेल बेहतर बनाने तथा भूमि अधिग्रहण व पुनर्वास से जुड़े विषयों का समयबद्ध समाधान निकालने के लिए एक साझा दृष्टिकोण अपनाने का निर्णय लिया गया।

उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नागरिक विमानन सचिव निलेश रामचन्द्र देवरे, पर्यटन सचिव लोकेश कुमार, पथ निर्माण सचिव पंकज कुमार पाल, जल संसाधन सचिव चंद्रशेखर सिंह, खेल सचिव दीपक आनंद, सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, एमएसएमई निदेशक अमन समीर, केंद्रीय जल आयोग के निदेशक अतुल कुमार सहित सूचना प्रौद्योगिकी, आपदा प्रबंधन और जल शक्ति मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सोनपुर क्षेत्र की विकास परियोजनाओं को गति प्रदान करना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *