Advertisement

वरीय वेतनमान को लेकर +2 शिक्षकों ने बुलंद की आवाज

संघ की बोकारो बैठक में शीघ्र वेतनमान देने की मांग पर प्रस्ताव पारित

रंजन वर्मा/कसमार/बोकारो। झारखंड +2 शिक्षक संघ बोकारो जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक 9 अगस्त को बोकारो के सेक्टर-5 स्थित पुस्तकालय मैदान में आयोजित की गई। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित बैठक में शिक्षकों ने आदिवासी समाज की उन्नति, सम्मान और अधिकारों की रक्षा की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं। साथ ही जल, जंगल, जमीन और जमीर की रक्षा का संकल्प लिया।

बैठक में टीजीटी से पीजीटी में पदोन्नत शिक्षकों के वेतन संरक्षण के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की जायज समस्याओं का समाधान संगठन की एकजुटता और सकारात्मक पहल से ही संभव है। बैठक में उन शिक्षकों से विशेष रूप से अपील की गई, जिनकी अब तक सेवा संपुष्टि नहीं हुई है। संगठन ने कहा कि ऐसे शिक्षक शीघ्र अपनी सेवा पुस्तिका संबंधित अभिलेखों के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जमा कराएं, ताकि उनकी सेवा संपुष्टि, सेवा निरंतरता सहित अन्य आवश्यक विभागीय कार्रवाई समय पर पूरी की जा सके।

बैठक में सभी योग्यताधारी पीजीटी शिक्षकों को वरीय वेतनमान शीघ्र प्रदान करने की मांग को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। संघ ने निदेशक माध्यमिक शिक्षा झारखंड सरकार एवं शिक्षा मंत्री से मामले में शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। इस अवसर पर संघ के बोकारो जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने कहा कि योग्य शिक्षकों को उनका वरीय वेतनमान समय पर मिलना चाहिए। इसके लिए संघ लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से अपनी मांग सरकार के समक्ष रखेगा। सचिव डॉ अवनीश कुमार झा ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी सदस्यों का एकजुट रहना जरूरी है। कहा कि सेवा संपुष्टि और वेतन संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए संगठन लगातार प्रयास करेगा।

उपाध्यक्ष कौशल कुमार मुखर्जी ने कहा कि शिक्षकों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। सभी शिक्षक आपसी समन्वय के साथ अपनी समस्याओं को सामने रखें, ताकि उनका समाधान कराया जा सके। उपाध्यक्ष दीपा पंकज लाटा ने कहा कि महिला शिक्षकों सहित सभी सदस्यों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन मजबूती से अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने शिक्षकों से संगठित रहने की अपील की। संगठन मंत्री ब्रजेश कुमार ने कहा कि शिक्षकों के अधिकार और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कहा कि योग्य शिक्षकों को वरीय वेतनमान दिलाने की मांग को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।

उप संगठन मंत्री मुकेश कुमार यादव ने कहा कि सेवा संपुष्टि से संबंधित दस्तावेज समय पर जमा करना शिक्षकों के हित में है। उन्होंने सभी संबंधित शिक्षकों से आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने की अपील की। विद्यालय प्रतिनिधि जितेन्द्र कुमार ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी संघ की प्राथमिकता है।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक केवल अपने अधिकारों के लिए ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक रूप से समृद्ध एवं विकसित झारखंड के निर्माण के लिए भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मौके पर अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, सचिव डॉ अवनीश कुमार झा, उपाध्यक्ष कौशल कुमार मुखर्जी एवं दीपा पंकज लाटा, संगठन मंत्री ब्रजेश कुमार, उप संगठन मंत्री मुकेश कुमार यादव, विद्यालय प्रतिनिधि जितेन्द्र कुमार समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *