सुल्तानगंज से पैदल देवघर पहुंचेंगे शिवभक्त, ज्योत्सना व तपन ने दी शुभकामनाएं
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के जामकुदर गांव से 9 अगस्त को बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर के लिए कांवरियों का जत्था भक्तिमय माहौल में रवाना हो गया। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
स्थानीय रहिवासी दिनेश प्रसाद महतो के नेतृत्व में निकले कांवरियों के जत्थे को पंचायत समिति सदस्य सह पूर्व उपप्रमुख ज्योत्सना झा एवं समाजसेवी तपन कुमार झा ने शुभकामनाएं देकर रवाना किया।
रवानगी से पूर्व कांवरियों ने स्थानीय शिवालय में विधिवत पूजा-अर्चना की। भगवान भोलेनाथ की आराधना के बाद सभी कांवरिये सुल्तानगंज के लिए रवाना हो गये। कांवरियों ने बताया कि 10 अगस्त को सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा शुरू की जाएगी और 11 अगस्त को बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
कांवरियों ने बताया कि जलाभिषेक के दौरान क्षेत्र, परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की जाएगी। यात्रा को लेकर कांवरियों में विशेष उत्साह देखा गया।
मौके पर पंचायत समिति सदस्य सह पूर्व उपप्रमुख ज्योत्सना झा ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए कांवरियों में दिख रहा उत्साह श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने सभी कांवरियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
उन्होंने कहा कि कांवर यात्रा हमारी धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है। ऐसी यात्राएं आमजनों को भक्ति के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश भी देती है।
समाजसेवी तपन कुमार झा ने कहा कि श्रद्धा और विश्वास के साथ बाबा बैद्यनाथ के दरबार के लिए निकली कांवर यात्रा पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बनाती है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सभी कांवरियों की मनोकामना पूर्ण करने और यात्रा को सफल बनाने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा और सहयोग करना भी पुण्य का कार्य है। इसी क्रम में कांवरियों के लिए ममता देवी की ओर से नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई।
कांवर यात्रा जत्थे में दिनेश प्रसाद महतो, पुष्पा देवी, ममता देवी, सोनू कुमार, रेखा कुमारी, प्रकाश नायक, महादेव साव, प्रकाश गोराई, आशीष तुरी, रिंकी देवी, सुमित्रा देवी, जेठू साव, बेबी देवी सहित अन्य कांवरिये शामिल हैं। यात्रा के दौरान बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।
![]()













Leave a Reply