प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। सड़े गले अवस्था में पुलिस की वर्दी में महाराष्ट्र के वर्दीधारी का शव बोकारो जिला के हद में गोमिया के डोली पैलेस के एक फ्लैट से बरामद किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस छानबीन में जुट गयी है।
जानकारी के अनुसार 9 अगस्त की सुबह गोमिया प्रखंड के हद में आईईएल थाना क्षेत्र के बैंक मोड स्थित डोली पैलेस अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 106 से पुलिस ने पुलिस वर्दी पहने एक शव बरामद किया। फ्लैट से तेज दुर्गंध आने के बाद अपार्टमेंट के गार्ड ने इसकी सूचना अपार्टमेंट के मालिक को दी। सूचना मिलने पर आईईएल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। शव की स्थिति काफी खराब थी और शरीर काला पड़ चुका था।
आस पड़ोस के रहिवासियों के अनुसार उक्त फ्लैट पिछले छह-सात दिनों से बंद था। बताया गया कि 9 अगस्त की सुबह फ्लैट के आसपास साफ-सफाई के दौरान तेज दुर्गंध महसूस हुई। आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जिसकी सूचना अपार्टमेंट मालिक को दी गयी, इसके बाद अपार्टमेंट मालिक सत्यनारायण प्रसाद द्वारा सूचना पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान फ्लैट के किराएदार 44 वर्षीय सुभाष अशोक धूमल के रूप में की जा रही है।
हालांकि, आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल ने बताया कि अभी इस पर जांच किया जा रहा है। सारी बातें स्पष्ट होने के बाद ही कुछ आगे बताया जा सकता है कि मृत्यु कैसे हुई है।पुलिस के अनुसार मृतक के पास से क्राइम प्रिवेंशन इन्वेस्टीगेशन काउंसिल का एक पहचान पत्र मिली है। पुलिस पहचान पत्र समेत कमरे से बरामद अन्य दस्तावेजों और सामान की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक मूल रूप से महाराष्ट्र के सतारा जिला के हद में चिंचनेर का रहने वाला बताया जा रहा है। वह डोली पैलेस में किराए के फ्लैट में रह रहा था। अपार्टमेंट मलिक सत्यनारायण प्रसाद के अनुसार मृतक ने स्वयं को मेजर बताते हुए इस वर्ष 22 फरवरी को उनके अपार्टमेंट में फ्लैट किराए पर लिया था। तब से वह यही रह रहा था।
बताया जाता है कि इससे पूर्व मृतक गोमिया मोड़ स्थित गायत्री गेस्ट हाउस तथा उससे पूर्व बेरमो प्रखंड के हद में सुभाषनगर में रह रहा था। उसका ससुराल झारखंड की राजधानी रांची में बताया जा रहा है। वह हमेशा नशे में धुत्त रहता था, जिसके कारण अपार्टमेंट मालिक द्वारा उसे अन्यत्र रहने का आग्रह किया गया था। अपार्टमेंट मालिक के अनुसार बीते तीन-चार अगस्त को मृतक से उसकी बातचीत हुई थी। इसके बाद वह कमरे में ही था। 9 अगस्त की सुबह गार्ड ने कमरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
आईएल पुलिस के अनुसार, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसकी मौत कई दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और समय का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
![]()













Leave a Reply