Advertisement

विश्व आदिवासी दिवस पर परमवीर अब्दुल हमीद स्मारक भवन में

एकता और अधिकारों की रक्षा का संदेश के साथ कार्यक्रम संपन्न

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के संडे बाजार स्थित परम वीर अब्दुल हमीद स्मारक भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य शामिल हुए।

स्वयंसेवी संस्था शोषित मुक्ति वाहिनी एवं यूनाइटेड मिल्ली फोरम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी भाई-बहनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय रहिवासियों की भागीदारी रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त रूप से यूनाइटेड मिल्ली फोरम के प्रदेश महासचिव अफजल अनीस एवं शोषित मुक्ति वाहिनी के अध्यक्ष श्याम मुंडा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में अपने संबोधन में अफजल अनीस ने विश्व आदिवासी दिवस मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल उत्सव का नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति, परंपरा और अधिकारों की रक्षा के संकल्प को मजबूत करने का दिन है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में आदिवासी समाज अपने अस्तित्व, जल-जंगल-जमीन और संवैधानिक अधिकारों को बचाने के लिए निरंतर संघर्ष कर रहा है। ऐसे में यह दिवस एकजुट होकर अपनी विरासत को बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित करने की प्रेरणा देता है।

शोषित मुक्ति वाहिनी के संरक्षक सुबोध सिंह पवार ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी समाज ने प्रकृति से जीवन जीने की कला सीखी है। कहा कि नदियों से चलना, हवा से झूमना, अग्नि से संघर्ष सहना और पहाड़ों से अपने अस्तित्व की रक्षा करना आदिवासी समुदाय बखूबी जानते है। उन्होंने कहा कि आज आदिवासी समाज पर विभिन्न प्रकार के हमले हो रहे हैं, ऐसे में सभी को एकजुट होकर आदिवासी संस्कृति और आदिवासीयत के अस्तित्व की रक्षा करनी होगी।

इस अवसर पर आदिवासी समाज के मुद्दों को लेकर संघर्ष करने वाले एवं समाज को जागरूक करने वाले कई सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इनमें जीतेन्द्र चैम्पया, दिनेश मुर्मू, श्याम मुंडा, लता गोड सोरा, आशा हेमब्रम, रानी देवी, बाबू चंद किस्कू, राम राय हेंब्रम सहित अन्य प्रमुख नाम शामिल है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। नावाडीह प्रखंड ऊपरघाट बड़की कुड़ी से आए नन्हे कलाकारों ने हमर छोटानागपुर गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। नन्हें कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए संगठन की ओर से नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राकेश नायक, अविनाश सिन्हा एवं मुखिया पति मुन्ना सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में स्वागत भाषण मुन्ना सिंह ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिबू चक्रवर्ती द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शोमुवा के सलाहकार जयनाथ तांती ने किया। कार्यक्रम में लक्ष्मण हेस्सा, सरोज मास्टर, मो. जावेद अंसारी, जेड खान, पीताम्बर मुंडा, मन्नू हरी, रंजीत घांसी, अमृता किस्कू सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के रहिवासी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *