एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) राज्य कार्यालय रांची के सभागार में 5 अगस्त को सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश महासचिव इरफ़ान अहमद अंसारी की अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक में राजद, टीएमसी, सीपीआई सीपीएम, माले लोक सेवा समिति, मुस्लिम मजलिसे उलेमा, आईसा, एआईएसएफ, एआइबाईएफ, एसएफआई तथा कांग्रेस के प्रतिनिधि शामिल हुए।
आयोजित सर्वदलीय बैठक में राज्य के छात्रों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिसमें सर्वसम्मति से प्रतियोगी परीक्षाओं का संचालन किसी विश्वसनीय घरेलू एजेंसी से कराने, छात्रों को स्कॉलरशिप का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, जेपीएससी एवं जेएसएससी सहित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन करने पर जोर दिया गया।
जानकारी देते हुए भाकपा नेता अजय सिंह ने बताया कि बैठक में उपस्थित दलों ने कहा कि उन्हें सीबीआई जांच पर भरोसा नहीं है, इसलिए राज्य सरकार स्वतंत्र एसआईटी का गठन कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे। सिंह के अनुसार उक्त बैठक में यह भी मांग उठी कि यदि परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में चल रहे आंदोलन में किसी संगठित समूह की संलिप्तता के आरोप हैं, तो उनकी निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर जांच की जाए, ताकि वास्तविक पीड़ित छात्रों के आंदोलन को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 6 अगस्त को सुबह 9 बजे इंडिया गठबंधन एवं विभिन्न छात्र संगठनों का प्रतिनिधिमंडल झारखंड के श्रम एवं उद्योग मंत्री से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल में इंडिया गठबंधन से जुड़े विभिन्न दलों के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। बैठक में छात्रों के भविष्य, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, समयबद्ध छात्रवृत्ति वितरण तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संयुक्त रूप से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।
बैठक में राजद रांची जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र महतो, कांग्रेस के योगेंद्र सिंह, भाकपा (माले) के आर एन सिंह, सीपीआई के अजय कुमार, कृष्णा कुमार वर्मा, एआईएमएमयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब्दुल्लाह अज़हर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों एवं छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। छात्र संगठनों की ओर से एसएफआई के ओजस्वी राज, अमन, दानिश, एआईएसए (आइसा) के त्रिलोकी नाथ, हिमांशु सिंह, एआईएसएफ के अफ़ज़ल दुर्रानी, एहतेशाम परवीन, तेजू मिर्धा आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply