Advertisement

सीसीएल मुख्यालय में सेवानिवृत्त कर्मियों को दी गयी सम्मानपूर्ण विदाई

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में 31 जुलाई को एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जुलाई माह में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 6 कर्मियों जिसमें तीन अधिकारी संवर्ग तथा तीन वरीय कर्मचारी को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न कोयल क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके अपने क्षेत्रीय मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। बताया जाता है कि सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए कुल 77 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।

समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा की। मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में अवनीश कुमार महाप्रबंधक (खनन), भूविज्ञान विभाग, प्रतुल कुमार महाप्रबंधक (मानव संसाधन), मानव संसाधन एवं आईआर विभाग, चंद्र भूषण प्रसाद मुख्य प्रबंधक (खनन) सुरक्षा विभाग, पूनम देवी ओएस ग्रेड-ए वन, ईई विभाग, जनेश्वर राम मुख्य फार्मासिस्ट ग्रेड ए वन, गांधीनगर अस्पताल एवं बलराम सिंह मुंडा सहायक फोरमैन विद्युत एवं यांत्रिक विभाग शामिल है।

विदाई समारोह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार थे। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मचारी अपने कार्यकाल के दौरान संगठन की प्रगति में अमूल्य योगदान देता है। वर्षों की आपकी मेहनत, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी ने न केवल कंपनी की विकास यात्रा को गति दी है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उत्कृष्ट कार्य संस्कृति की मिसाल कायम की है।
सीवीओ ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है, जिसे सकारात्मक ऊर्जा और नए अवसरों के साथ अपनाना चाहिए। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य, पारिवारिक सुख-समृद्धि तथा उज्ज्वल एवं आनंदमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में सीसीएल मुख्यालय के विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *