Advertisement

स्काउट्स एवं गाइड्स की 8वीं जिला रैली में युवाओं में अनुशासन व् सेवा का जज्बा

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर में 27 जुलाई को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 8वीं जिला रैली का रंगारंग और उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। आगामी 31 जुलाई तक चलने वाली इस पांच दिवसीय रैली का उद्घाटन सोनपुर के अपर मंडल रेल प्रबंधक और मुख्य जिला आयुक्त (स्काउट) सुमन कुमार तांती ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अपर मंडल रेल प्रबंधक तांती ने स्काउटिंग को केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त आंदोलन बताया। उन्होंने प्रतिभागियों से स्काउट प्रतिज्ञा और नियमों का पालन करते हुए समाज सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सह जिला आयुक्त दिलीप कुमार ने कहा कि यह रैली युवाओं में चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को विकसित करने का एक उत्कृष्ट मंच है।

रैली में सोनपुर, दानापुर और गढ़हरा जिला संघों के कुल 198 स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर और यूनिट लीडर हिस्सा ले रहे हैं। पांच दिनों तक चलने वाले इस महाआयोजन में प्रतिभागियों को कई महत्वपूर्ण विधाओं में प्रशिक्षित किया जाएगा, जिनमें साहसिक एवं कौशल विकास के लिए टेंट पिचिंग, पायनियरिंग, गांठ-बंधन और मानचित्र अध्ययन, जीवन रक्षक एवं सामुदायिक सेवा के लिए प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन और स्वच्छता अभियान, सांस्कृतिक एवं शारीरिक विकास के लिए योग, खेलकूद, लोकनृत्य और देशभक्ति गीतों की प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

उक्त आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक के रूप में तैयार करना है। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में होने वाली गतिविधियां न केवल प्रतिभागियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करेंगी, बल्कि उन्हें विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करेंगी। रैली के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और स्काउट-गाइड प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरा परिसर अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *