Advertisement

नगर महोत्सव में महिलाओं द्वारा गीत, नृत्य व् मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चास स्थित कुशवाहा नगर विकास समिति द्वारा आयोजित असाढ़ पूर्णिमा सह नगर महोत्सव 27 जुलाई को कुशवाहा भवन चास में उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला समिति की संयोजिका आशा सिंहा, सुलाबी देवी, उषा देवी, कालावती देवी, राम सुंदरी सिन्हा, मायावती, गायत्री देवी, रंजना, संगीता, यामुनी देवी, गीता कुमारी आदि अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव के दूसरा दिन गीत, समूह नृत्य, मेहंदी कला एवं व्यक्तित्व प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा सांस्कृतिक चेतना को समर्पित रहा।

आयोजित गीत प्रतियोगिता में आकांक्षा, सरिता प्रसाद, कामिनी देवी, खुशबू कुमारी, इन्दु कुमारी आदि प्रतिभागियों ने मधुर एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्रतिभागियों ने देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता, संस्कृति तथा प्रेरणादायक विषयों पर आधारित गीत प्रस्तुत किए। इसके पश्चात समूह नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें आकांक्षा, दिव्यांश, निकिता कुमारी आदि
प्रतिभागीओं ने भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं सामाजिक संदेशों पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए।

प्रतिभागियों की तालमेल, अनुशासन, वेशभूषा एवं मंच प्रस्तुति ने दर्शकों को प्रभावित किया। मेहंदी कला प्रतियोगिता में पुजा कुमारी, निकिता, रश्मि रानी, एंजल आदि प्रतिभागियों ने निर्धारित समय के भीतर एक अथवा दोनों हाथों पर सुंदर एवं कलात्मक मेहंदी डिज़ाइन तैयार किए। प्रतियोगिता में पारंपरिक भारतीय कला, सृजनात्मकता एवं सौंदर्यबोध का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।

आयोजन समिति ने सभी समूहों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निर्णायकों ने रचनात्मकता, सफाई, डिजाइन एवं समय-पालन के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में व्यक्तित्व (भाषण) प्रतियोगिता आयोजित की गयी, जिसमें उर्मिला देवी, इन्दु कुमारी, अर्चना शान आदि प्रतिभागियों ने असाढ़ पूर्णिमा का महत्व विषय पर अपना परिचय एवं विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

प्रतिभागियों ने भगवान बुद्ध के प्रथम धर्मचक्र प्रवर्तन, गुरु-शिष्य परंपरा, नैतिक जीवन, शिक्षा, आत्मविश्वास तथा सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रस्तुति के लिए पाँच मिनट का समय दिया गया। आयोजन समिति के संयोजक संजय शान, अध्यक्ष सुनील गांधी, सुनील प्रसाद, रामाश्रय प्रसाद, यशवंत सिंह, राज कुमार सिन्हा आदि सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, निर्णायकों, अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सांस्कृतिक चेतना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करते हैं।

समिति ने सभी नगरवासियों से अपील की कि वे महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करें तथा समाज में शिक्षा, संस्कृति और प्रतिभा सम्मान के इस अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। समापन समारोह सह प्रतियोगिता का संचालन पूजा कुमारी तथा धन्यवाद ज्ञापन रीना देवी ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *