एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित के. बी. कॉलेज बेरमो की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) ईकाई ने 27 जुलाई को गोद लिए गांव बोरिया उत्तरी में डिजिटल लिटरेसी व कैशलैस इंडिया डोर टू डोर जागरूकता कार्यक्रम चलाया।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय सेवा योजना ईकाई ने प्राचार्य के निर्देश एवं कार्यक्रम पदाधिकारी के नेतृत्व व अगुवाई में गोद लिए गांव बोरिया में पंचायत की उप मुखिया लोकेश्वरी देवी की अध्यक्षता में डिजिटल लिटरेसी व कैशलैस इंडिया पर ग्रामीणों के बीच डोर टू डोर जागरूकता अभियान चलाया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई बढ़ चढ़ कर गोद लिए गांवो में जागरूकता अभियान चला रही है और ग्रामीणों को जागरूक बना रही है।
कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार ने कहा कि डिजिटल साक्षरता हमें साइबर धोखाधड़ी, फिशिंग, ऑनलाइन खतरों से बचाती है। यह सिखाती है कि इंटरनेट पर व्यक्तिगत जानकारी कब और कैसे साझा करनी चाहिए। कहा कि डिजिटल पेमेंट, मोबाइल बैंकिंग, ऑनलाइन शॉपिंग ने दैनिक जीवन को आसान बना दिया है।
उन्होंने कहा कि छात्र डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से घर बैठे ई लर्निंग, वीडियो और ऑनलाइन क्विज का उपयोग कर प्रभावी ढंग से सीख सकते हैं। डिजिटल साक्षरता आमजनों को सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली फर्जी खबरों, अफवाहों की पहचान करने और सही जानकारी का मूल्यांकन करने में मदद करती है। उप मुखिया लोकेश्वरी देवी ने कहा कि कैशलैस इंडिया की सुविधा की वजह से सरकार द्वारा करेंसी नोटों के मुद्रण एवं प्रचलन के लागत में पर्याप्त बचत होती है।
यह वर्तमान दौर में दुनिया के साथ कदम मिलाकर चलने जैसा है। कहा कि अब पूरे गांव में अधिकतर रहिवासी लेन देन इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजेक्शन के माध्यम से ही कर रहे हैं। इसके लिए नकदी की जरूरत नहीं रह गई है। साथ हीं समय की भी बचत होती है। मौके पर स्वयं सेवकों ने पोस्टर एवं स्लोगन के माध्यम से डिजिटल साक्षरता एवं कैशलैस इंडिया के महत्व पर प्रकाश डाला। जिनमें सुमीत कुमार सिंह, सोनू कुमार शर्मा, कृष दास, मो. ताजुउद्दीन अंसारी, तनीषा प्रवीण, मोहिनी कुमारी, नीतू कुमारी आदि शामिल रहे।
ज्ञात हो कि, वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम से मौद्रिक लेन देन के प्रति आमजनों के मानसिकता में बड़ा परिवर्तन आया है। उन्हें यह जानकारी हो गई है कि डिजिटल माध्यम भी सुरक्षित, आसान, सुविधाजनक एवं पारदर्शी है। डिजिटल लिटरेसी सह कैशलैस इंडिया डोर टू डोर जागरूकता अभियान में कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार, उप मुखिया लोकेश्वरी देवी, एनएसएस स्वयं सेवकों एवं ग्रामीणों में प्रियंका देवी, सुभद्रा देवी, रुका देवी, उर्मिला देवी, आरती देवी आदि की उपस्थिति रही।
![]()












Leave a Reply