प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में 27 जुलाई को देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक एवं मिसाइल मैन भारत रत्न डॉ ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में विद्यालय परिवार ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।
जानकारी के अनुसार विद्यालय की प्रार्थना सभा की संपूर्ण गतिविधियाँ डॉ कलाम के जीवन और आदर्शों पर आधारित रहीं। विद्यार्थियों ने डॉ कलाम के प्रेरणादायी जीवन पर आधारित विविध प्रस्तुतियों से सभी को भाव विभोर कर दिया। डीएवी कथारा की चौथी कक्षा की आराध्या और अविका ने प्रेरक विचार प्रस्तुत किए, जबकि मदीहा एवं उमैरा ने प्रभावशाली और भावपूर्ण कविता के माध्यम से डॉ कलाम के व्यक्तित्व एवं उनके राष्ट्रप्रेम को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। वर्ग दसवीं के शाश्वत आर्या एवं शैली ने समाचार, माधवी एवं गरिमा ने प्रभावशाली भाषण तथा छठी कक्षा की आराध्या एवं दीप्ति ने प्रश्नोत्तरी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डीएवी झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह डीएवी कथारा के प्राचार्य डॉ जी. एन. खान ने कहा कि राष्ट्र निर्माण ही डॉ ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि डॉ कलाम ने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने तथा अपने ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन डॉ कलाम के आदर्शों को आत्मसात करते हुए विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ किया गया।
पुण्यतिथि कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, ए. के. गोस्वामी, बी. के. दसौंधी, राकेश रंजन, रितेश कुमार, आराधना, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, मधुमल्लिका उपाध्याय, खुशबू कुमारी, ममता पात्रा, ओशीन, सुमन कुमारी, जयप्रकाश गिरि, विकास सिंह, दीपक सिंह, संगीत कुमार, अश्विनी कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका एवं छात्र-छात्रा शामिल थे।
![]()












Leave a Reply