अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने 27 जुलाई को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ छपरा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार डीएम श्रीवास्तव ने जिला मुख्यालय छपरा के दारोगा राय चौक, थाना चौक, नगरपालिका चौक और खनुआ नाला समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस बल के साथ विस्तृत ब्रीफिंग की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने तैनाती स्थलों पर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या अफवाह की सूचना मिलने पर तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। हिंसा, तोड़फोड़ या सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को उपद्रवी गतिविधियों से दूर रखें।
इस अवसर पर आम रहिवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला एवं पुलिस प्रशासन जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (छपरा सदर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












Leave a Reply