अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड में जैतिया पीएसएस से निकलने वाले खरिका फीडर की 11 केवीए लाइन का रूट बदलने और 5 पंचायतों के लिए स्वतंत्र लाइन की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। यह मांग नई नहीं, बल्कि वर्ष 2025 से लगातार उठाई जा रही है।
बताया जाता है कि वर्तमान में यह फीडर जिला के हद में शाहपुर दियारा, बबुरबानी, छितरचक, गंगाजल टोला जैसे निचले दियारा क्षेत्र से होते भरपुरा, चौसिया, खरिका, पहलेजाघाट, कसमर, सैदपुर, नौडीहा तक जाता है। हर साल बाढ़-बारिश में दियारा में पानी भरने से नाव से आवागमन होता है और सुरक्षा कारणों से शाहपुर से नौडीहा तक पूरी बिजली बंद कर दी जाती है। इसका खामियाजा बाढ़ से बाहर बसे गांवों को भी भुगतना पड़ता है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में इसी लाइन से करंट लगने से 4 नाविकों की मौत हो चुकी है। श्रावणी मेला और कार्तिक पूर्णिमा में कांवर यात्रा के दौरान भी इस लाइन से जान का जोखिम बना रहता है। इस मांग का पुराना इतिहास भी सामने आया है। प्राप्त दस्तावेज के अनुसार जदयू राजनीतिक सलाहकार समिति सदस्य प्रियदर्शी कुमार चौरसिया द्वारा पूर्व में ही मुख्यमंत्री के समक्ष आवेदन दिया गया था। उसी के आलोक में बिहार सरकार, मुख्यमंत्री सचिवालय के पत्रांक – 5701294/ मु०मं०स०, पटना, दिनांक – 20-08-2025 द्वारा संयुक्त सचिव मनोज कुमार ने सचिव, ऊर्जा विभाग, बिहार, पटना को पत्र भेजा था।
पत्र में सोनपुर प्रखंड के गोविंदचक पंचायत स्थित अम्बेडकर नगर में एक नए पावर सब स्टेशन के निर्माण के संबंध में था। पत्र में निर्देश दिया गया था कि मुख्यमंत्री को प्राप्त आवेदक प्रियदर्शी कुमार चौरसिया (संदर्भ संख्या MMPDA – 2025051408) के आवेदन पर नियमानुकूल आवश्यक कार्रवाई कर कृत कार्रवाई की रिपोर्ट वेबसाइट पर अपलोड की जाए।
यह पत्र इस बात की पुष्टि करता है कि क्षेत्र में विद्युत सुधार की मांग पिछले एक साल से अधिक समय से लंबित है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब जदयू राजनीतिक सलाहकार समिति सदस्य प्रियदर्शी कुमार चौरसिया के पत्र के आलोक में जदयू प्रदेश अध्यक्ष सह कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति उपाध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पत्रांक 314/26/आ० दिनांक 15/07/26 द्वारा ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर खरिका फीडर के रूट को दियारा के बजाय सड़क मार्ग से बजरंग चौक होते पहलेजाघाट तक लाने का अनुरोध किया है।
दूसरी ओर जहाँगीरपुर, भरपुरा, खरिका, कसमर, सैदपुर और बड़का बगीचा के ग्रामीणों ने सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह को मांग पत्र सौंपकर जैतिया पीएसएस से 13 मीटर लोहे के पोल पर स्वतंत्र लाइन देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जैतिया फीडर पर नजरमीरा, शाहपुर, पहलेजा सहित अधिक लोड है और छोटे फॉल्ट पर भी पूरे क्षेत्र की बिजली ठप हो जाती है। मांग पत्र पर मुखिया मीना देवी, पंस सिम्मी सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीणों के संयुक्त हस्ताक्षर है।
![]()













Leave a Reply