Advertisement

मुआवजे की मांग को लेकर गोमिया-ललपनिया मुख्य सड़क जाम

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। सड़क हादसे में घायल की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर 25 जुलाई को बोकारो जिला के हद में गोमिया- ललपनिया मुख्य सड़क पर शव रखकर घंटों जाम किया गया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे गोमिया थाना प्रभारी।

जानकारी के अनुसार गोमिया थाना क्षेत्र के तुलबुल पंचायत स्थित स्कूल मोड़ में बीते 22 जुलाई की शाम हुए सड़क हादसे में घायल 62 वर्षीय बलराम महली की इलाज के दौरान 25 जुलाई को मौत हो गई। गांव में मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित रहिवासियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर गोमिया-ललपनिया मुख्य सड़क को शव रखकर घंटो जाम कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूल मोड़ के समीप 407 गाड़ी संख्या-JH-09A/0376 ने बलराम महली को टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल होने पर परिजनों ने उन्हें रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के क्रम में 25 जुलाई को उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे एक बेटा और बहू छोड़ गए हैं।

बताया जाता है कि सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही स्थिति को नियंत्रण करने के लिए गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा रहिवासियों को समझाने का प्रयास किया।

बताया जाता है कि रहिवासी दुर्घटना करने वाले वाहन को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े थे। पुलिस प्रशासन जाम हटाने और मामले को सुलझाने के प्रयास में जुटी रही, घंटो समझाने के बाद रहिवासियों ने जाम को हटाया। मौके पर जिप अध्यक्षा सुनीता देवी, पंसस हेमंत केवट, उप मुखिया नरेश साव, समाजसेवी चितरंजन साव, मुकेश सोरेन, फिकरू साव सहित दर्जनों रहिवासी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *