कार्यकर्ताओं को 8 सत्र में मिला राष्ट्र निर्माण व् सांगठनिक मजबूती का मंत्र
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बोकारो नगर के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत मंडल प्रशिक्षण वर्ग का 12 जुलाई की शाम सफलतापूर्वक समापन हो गया।
जानकारी के अनुसार बीते 11 जुलाई से प्रारंभ इस दो दिवसीय गहन प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता भाजपा बोकारो नगर अध्यक्ष विशाल गौतम ने की, जबकि पूरे कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा के महामंत्री लाल बाबू ने किया। इस मौके पर भाजपा बोकारो नगर के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, सक्रिय सदस्य एवं समर्पित कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र में जुटे वरिष्ठ पदाधिकारी बीते 11 जुलाई को आयोजित भव्य उद्घाटन सत्र में मुख्य रूप से भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज, जिला मंत्री अंजना सिंह, भाजपा बोकारो जिला के वरिष्ठ नेता एवं युवा समाजसेवी विवेक सिंह, नगर के निवर्तमान अध्यक्ष अनिल सिंह, जिला प्रशिक्षण टोली के संयोजक संजय त्यागी, नगर महामंत्री अमित कुमार, उपाध्यक्ष मनजीत सिंह, नीरज पांडेय, मनोज झा, लालबाबू सिंह, राजा बाबू , महिला मोर्चा बोकारो नगर अध्यक्षा ममता गोस्वामी, मंजू सिंह, ओबीसी मोर्चा के मिथलेश, ज्ञानचंद साहू, विक्की लोहरा, अमित कुमार, शंकर त्रिपाठी, अतुल सिंह, अमृत सिंह, लक्ष सिंह, अंकुर, धनजीत, शिवम् कुमार, रवि शाह समेत भाजपा बोकारो के शक्ति केंद्र प्रभारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यकर्ताओं की वैचारिक मजबूती के लिए इस विशेष वर्ग का विधिवत शुभारंभ किया। दो दिवसीय सांगठनिक महाअभियान के दौरान कुल आठ महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए, जिसमें प्रदेश और जिला स्तर के वरिष्ठ वक्ताओं ने अलग-अलग विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
प्रथम सत्र जिलाध्यक्ष द्वारा लिया गया, जिसमें उन्होंने प्रशासनिक तालमेल, जागरूकता और एसआईआर प्रक्रियाओं पर प्रकाश डाला। द्वितीय सत्र जिला के सोशल मीडिया प्रभारी अवनी चौधरी ने लिया, जिन्होंने आज के दौर में डिजिटल पहुंच और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के गुर सिखाए। तृतीय सत्र प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित ने लिया, जिसमें उन्होंने पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान की बारीकियों को विस्तार से साझा किया।
चतुर्थ सत्र महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह ने लिया, जिन्होंने संगठन की मूल कार्य पद्धति पर विस्तार से चर्चा की। पंचम सत्र जिला महामंत्री संजय सिन्हा द्वारा लिया गया, जिसका मुख्य फोकस सांगठनिक विस्तार और कार्य विस्तार पर रहा। षष्ठ सत्र जिला उपाध्यक्ष अनिल सोनकर ने लिया, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को अंत्योदय संतृप्ति (समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना) के सिद्धांतों का पाठ पढ़ाया। सप्तम एवं अष्टम सत्र प्रदेश कार्य कार्यकारिणी सदस्य विनय सिंह ने लिया, जिन्होंने संयुक्त रूप से भाजपा के इतिहास, इसकी विकास यात्रा और आगामी जमीनी चुनौतियों के लिए सांगठनिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।
आठवें सत्र के समापन के बाद 12 जुलाई की शाम मंच संचालक और युवा मोर्चा महामंत्री लाल बाबू द्वारा विधिवत रूप से प्रशिक्षण वर्ग की समाप्ति की घोषणा की गई।
नगर अध्यक्ष विशाल गौतम के अनुसार संपन्न दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर से बोकारो नगर के कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार देखा गया, जो संगठन को आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए और अधिक सशक्त, अभेद्य और गतिशील बनाएगा।
![]()













Leave a Reply