बौद्ध धम्म शांति, समता और मानव कल्याण का मार्ग-भंते एम.के. राजन
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भारतीय बौद्ध महासभा, जिला बोकारो के तत्वावधान में 12 जुलाई को जिला के हद में चास स्थित कुशवाहा भवन में एक दिवसीय जिला सम्मेलन सह जिला एवं प्रखंड समिति विस्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ त्रिशरण एवं पंचशील पाठ से किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सह अधिवक्ता अशोक कुमार महतो ने की। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष भंते एम.के. राजन उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि भंते एम.के. राजन ने कहा कि भगवान तथागत गौतम बुद्ध का धम्म आज भी पूरी मानवता के लिए शांति, करुणा, समता, बंधुत्व और अहिंसा का सर्वोत्तम मार्ग है। उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने तथा युवाओं को सामाजिक सेवा एवं बौद्ध धम्म से जोड़ने का आह्वान किया।
बौद्ध विचारक संजय शान ने तथागत बुद्ध के जीवन-दर्शन, संघर्ष और उनके करुणा, मैत्री तथा समानता के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बुद्ध के विचार सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। सम्मेलन को धनबाद जिलाध्यक्ष प्रेम बच्चन, शंकर करमाली, स्वामी सत्यकृष्ण, शकील अहमद, भरत महतो सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन के विस्तार, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा बौद्ध धम्म के प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित सीआरपीएफ जवान सद्दाम हुसैन एवं इंस्पेक्टर विक्रांत कुमार को भारतीय बौद्ध महासभा की ओर से शॉल, पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इंस्पेक्टर विक्रांत कुमार ने पंचशील गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया।
सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से महासभा की नई जिला एवं प्रखंड कमेटी का गठन किया गया। जिला समिति में कुंवर सिंह कुशवाहा को महासचिव,अजय कुमार एवं के.ए.पी. वर्मा को उपाध्यक्ष, धर्मेंद्र पटेल, अर्चना शान, सुखदेव रजक, ममता क्षेत्रपाल एवं चंदन कुमार को सचिव तथा सत्यपाल को प्रवक्ता चुना गया। चास प्रखंड समिति में जगदीश बाउरी, रतन कुमार एवं ए.पी. वर्मा सहित अन्य सदस्यों का चयन किया गया।
कार्यक्रम में अधिवक्ता रविन्द्र प्रसाद सिंह, सुनील प्रसाद, राजू रंजन, गोपाल प्रसाद, रामाश्रय प्रसाद, अनिता सिंह, नरेश सिंह, पिंकी देवी सहित विभिन्न प्रखंडों से आए पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी उपस्थित रहे। अंत में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। धन्यवाद ज्ञापन सुनील गांधी ने किया। सम्मेलन का समापन संगठन को सशक्त बनाने तथा बौद्ध धम्म के मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।
![]()













Leave a Reply