Advertisement

दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल वितरण, आत्मनिर्भर जीवन पर जोर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला मुख्यालय समाहरणालय परिसर में 7 जुलाई को जिला प्रशासन एवं बीएसएल के संयुक्त तत्वावधान में 10 दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया।

इस अवसर पर बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने लाभुकों को ट्राईसाइकिल प्रदान करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सम्मानजनक, सुगम एवं आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि यह पहल केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सेवा और संवेदनशीलता का कार्य है। कह कि पिछले एक वर्ष से लोक संवाद (जनता दरबार) के माध्यम से बड़ी संख्या में जिलावासी अपनी समस्या लेकर प्रशासन के पास पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में कई ऐसे दिव्यांगजन चिन्हित किए गए, जिनके पास आवागमन का कोई साधन नहीं था। ऐसे जरूरतमंदों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान सूची में शामिल सभी पात्र दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराकर संतृप्त किया जा चुका है। भविष्य में यदि कोई नया पात्र लाभार्थी सामने आता है, तो उसे भी प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों ने जिला प्रशासन एवं बीएसएल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उपायुक्त ने लाभुकों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, सीएसआर नोडल पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, बीएसएल के के. चक्रवर्ती, रिचा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *