अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी ने जिला के हद में मढ़ौरा-छपरा-पटना रेलखंड पर नियमित मेमू ट्रेन सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर अपना अभियान तेज कर दिया है। विशेष निरीक्षण ट्रेन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ यात्रा के दौरान उठाई गई मांग को अब सांसद ने औपचारिक रूप देते हुए रेल मंत्री को पत्र लिखा है।
जानकारी के अनुसार हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ पटना, छपरा और मढ़ौरा की विशेष निरीक्षण ट्रेन यात्रा के दौरान सांसद रुडी ने इस रेलखंड पर मेमू ट्रेन चलाने की जरूरत पर विस्तार से चर्चा की थी। उन्होंने कहा था कि मढ़ौरा से छपरा होते पटना तक मेमू सेवा शुरू होने से हजारों दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी। कहा कि यह सारण क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनआकांक्षा रही है।
अब सांसद ने रेल मंत्री को भेजे पत्र में बीते 19 जून को छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह का हवाला दिया है। पत्र में उल्लेख है कि उक्त अवसर पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय रहिवासियों ने भी रेल मंत्री को इस सेवा की आवश्यकता से अवगत कराया था।
सांसद रुडी ने पत्र में कहा है कि सारण प्रमंडल की लगभग एक करोड़ की आबादी को इस सेवा से सीधा लाभ मिलेगा। इसमें सारण जिले के लाखों विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यवसायी और प्रतिदिन पटना आने-जाने वाले यात्री शामिल हैं। पत्र में कहा है कि मेमू सेवा शुरू होने से सड़क मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षणिक व आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
पत्र में सारण सांसद ने रेल मंत्री से पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधकों को आपसी समन्वय का निर्देश देने का अनुरोध किया है। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि प्रतिदिन सुबह मेमू ट्रेन मढ़ौरा से छपरा होते पटना और सायंकाल उसी मार्ग से वापस लौटे। बताया जाता है कि बीते 19 जून को छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस उद्घाटन के दौरान भी चर्चा हुई थी।
सारण प्रमंडल के एक करोड़ रहिवासियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्र के छात्रों व् व्यापारियों को सहूलियत होगी। नॉर्थ ईस्ट रेलवे (एनईआर) और ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ईसीआर) के बीच समन्वय से सुबह-शाम मेमू संचालन का प्रस्ताव दिया गया है। सांसद राजीव प्रताप रुडी ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के विस्तार और जनसुविधा की नीति के तहत सारण की यह अहम मांग जल्द पूरी होगी।
![]()













Leave a Reply