एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त आयोजन में बड़ी संख्या में सीसीएल के निदेशको तथा महाप्रबंधको की धर्मपत्नियां व् पुत्रीयां व् अन्य शामिल हुए। सभी ने यहां पौधरोपण भी की।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग थीम के अंतर्गत अर्पिता महिला मंडल द्वारा खेलगांव में उत्साहपूर्वक योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्ष सह सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) की धर्मपत्नी प्रीति सिंह के नेतृत्व में तथा उपाध्यक्ष रीता मिश्रा, रूपा रानी, रीता तिवारी एवं नीरू हंजुरा के सहयोग से आयोजित किया गया था।
खेलगांव के सहयोग से आयोजित विशेष योग सत्र में अर्पिता महिला मंडल की सदस्यों एवं खेलगांव के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा योग क्रियाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक योग प्रदर्शन तथा सदस्यों की सक्रिय सहभागिता ने उपस्थित सभी गणमान्य जनों को काफी प्रभावित किया।

इस अवसर पर खेलगांव परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी गणमान्य जनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सदस्यों के मध्य स्वस्थ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान सामूहिक रूप से ॐ का उच्चारण कर सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति एवं सामूहिक सौहार्द का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं सुखी जीवन का आधार है तथा प्रत्येक इंसान को अपने दैनिक जीवन में योग को नियमित रूप से अपनाना चाहिए। ज्ञात हो कि कार्यक्रम आयोजन का प्रमुख उद्देश्य खेलगांव के बच्चों को प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा की सराहना करना तथा उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक, अनुशासित एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा है।
![]()













Leave a Reply