सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा के रामनगर स्थित एसबीआई बैंक के पीछे वर्कर्स कम्युनिटी हॉल में झारखंड महिला श्रमिक यूनियन द्वारा बीते एक मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महिला श्रमिकों ने अपने अधिकारों, कार्यस्थल पर भागीदारी और सम्मान को सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की।
मई दिवस पर आयोजित बैठक में गुवा सेल प्रबंधन द्वारा महिला श्रमिकों के कथित शोषण का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया गया। मौके पर उपस्थित महिला कामगारों ने कहा कि कार्यस्थल पर उन्हें उचित सम्मान, सुरक्षा और सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके साथ ही सेल गुवा अस्पताल एवं सेल किरीबुरू जनरल अस्पताल के रख-रखाव, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए।
इस अवसर पर महिला श्रमिकों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन गर्भवती महिलाओं के इलाज में अनदेखी कर रहा है तथा प्रसूति मामलों में मरीजों को बाहर रेफर करने की परंपरा जारी है। महिलाओं ने कहा कि सेल गुवा अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ होने के बावजूद महिलाओं की छोटी-छोटी शारीरिक समस्याओं का इलाज नहीं किया जाता है। उन्हें ओड़िशा स्थित राउरकेला अस्पताल भेज दिया जाता है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
बैठक में झारखंड महिला श्रमिक यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि अस्पताल व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने को विवश होगा। बैठक में संघ के महामंत्री पंचम जॉर्ज सोय, मंगल पूर्ति, नजीर खान, तापस दास आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। वहीं महिला यूनियन की ओर से गीता देवी, लता कर्मकार, नीलम समद, विमला नाग समेत दर्जनों महिलाएं मौजूद रही।
![]()













Leave a Reply