मक्का लोडिंग बढ़ाने को ले डीआरएम कार्यालय में व्यापारियों के साथ बैठक
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में 12 फरवरी को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मक्का व्यापारियों के साथ लोडिंग संबंधी महत्वपूर्ण व् सकारात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मक्का की रेल लोडिंग में वृद्धि करना, व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा अधिकतम रेल राजस्व अर्जित करने की दिशा में ठोस पहल करना था।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार ने कहा कि भारतीय रेल व्यापारियों के लिए सुरक्षित, किफायती एवं विश्वसनीय परिवहन माध्यम उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने व्यापारियों से प्राप्त सुझावों का स्वागत करते हुए लोडिंग प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी, त्वरित एवं व्यवसायिक रूप से अनुकूल बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने रैक उपलब्धता, समयबद्ध लोडिंग, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा समन्वय तंत्र को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा पारस्परिक सहयोग के माध्यम से लोडिंग में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करने पर सहमति व्यक्त की गई।
इस अवसर पर जितेंद्र कुमार चौरसिया, राजेश कुमार, गोपाल सिंह, रामचंद्र प्रजापति, नवल लड्ढा, शिव शक्ति ट्रेडर, आर.के. गुप्ता, राकेश जायसवाल, शुभम सिंघल, मुकेश सिंह, संजय कुमार, रामजतन प्रसाद, सोनू कुमार, शंकर लाल सहित अन्य मक्का व्यापारियों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी उपस्थित व्यापारियों ने सकारात्मक सुझाव प्रस्तुत किए और रेलवे के साथ मिलकर माल ढुलाई में उल्लेखनीय वृद्धि करने की प्रतिबद्धता जताई।
ज्ञात हो कि सोनपुर रेल मंडल द्वारा व्यापारियों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय के माध्यम से माल ढुलाई को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा क्षेत्रीय कृषि उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मंडल प्रशासन को विश्वास है कि इस प्रकार की पहल से न केवल रेल राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार एवं कृषि अर्थव्यवस्था को भी सशक्त आधार मिलेगा।
![]()













Leave a Reply