मुकाबला मुख्यालय कार्मिक विभाग के नाम, वाणिज्य विभाग बना उप विजेता
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे क्रीड़ा संघ हाजीपुर के तत्वावधान में सारण जिला के हद में रेलवे स्टेडियम सोनपुर में आयोजित चौथा अंतर विभागीय/ हेडक्वार्टर क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 12 फरवरी को आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार फाइनल मैच वाणिज्य विभाग हाजीपुर मुख्यालय एवं कार्मिक विभाग मुख्यालय के बीच खेला गया। टॉस हारकर कार्मिक विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में सशक्त प्रदर्शन करते हुए 165 रनों का प्रतिस्पर्धी लक्ष्य निर्धारित किया। टीम के बल्लेबाजों ने संयम एवं आक्रामकता का संतुलित प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए वाणिज्य विभाग की टीम ने भी शानदार संघर्ष किया और 148 रन बनाए, किंतु अंततः 17 रनों से मुकाबला कार्मिक विभाग के पक्ष में रहा। मैच में जन्मजय कुमार ने 127 रनों की उत्कृष्ट पारी खेलते हुए मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। पुरे मैच में बेस्ट बॉलर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार वाणिज्य विभाग के पीयूष कुमार को प्रदान किया गया, जबकि मैन ऑफ द सीरीज का सम्मान अजीत कुमार, डिविजनल सीपीओ/आईआर को उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया।
मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम वर्क और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। दर्शकों की उत्साहवर्धक उपस्थिति ने मैच के रोमांच को और बढ़ा दिया।
मैच के दौरान ओबीसी एवं एससी/एसटी यूनियन के सदस्यगण भी उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।
महाप्रबंधक ने किया विजेता व् उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित
समापन समारोह में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान विभिन्न विभागों की टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर आपसी समन्वय, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं संगठनात्मक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

यह टूर्नामेंट कर्मचारियों के बीच खेल – संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ आपसी सहयोग, सामंजस्य एवं सकारात्मक कार्य वातावरण को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पूर्व मध्य रेलवे क्रीड़ा संघ द्वारा सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं आयोजन समिति को साधुवाद दी गई। टूर्नामेंट ने यूनिट इन स्पोर्ट, कंपीट विथ हार्ट की भावना को साकार करते हुए संगठनात्मक एकता एवं खेल उत्कृष्टता का संदेश दिया।
![]()













Leave a Reply