Advertisement

सोनपुर में ट्रेड यूनियन के आह्वान पर मजदूरों का जोरदार प्रदर्शन

सरकार द्वारा लाए गए चार लेबर कोड मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। देशव्यापी संयुक्त ट्रेड यूनियन हड़ताल एवं अपनी मांगों के समर्थन में 12 फरवरी को ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन एवं ऑल इंडिया लोको रनिंग एसोसिएशन सोनपुर के बैनर तले रेल कर्मचारियों और श्रमिकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सारण जिला के हद में सोनपुर क्रू लॉबी, डेमू शेड, ट्रैक डिपो में किया गया।

इस अवसर पर उपरोक्त स्थलों पर भारी संख्या में उपस्थित श्रमिकों व कर्मियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनियन के सदस्यों ने अपने कार्यस्थल पर काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण लेकिन मुखर तरीके से केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों का विरोध किया।

मौके पर यूनियन के तरफ से शिव शंकर मंडल, संदीप पासवान, नरेंद्र कुमार व् रवि रंजन ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाए गए चार लेबर कोड मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला है। इन्हें काले कानून की संज्ञा देते हुए यूनियन ने उस पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि इससे मजदूरों का शोषण बढ़ेगा। नए कानूनों से काम के घंटे बढ़ने और न्यूनतम मजदूरी की सुरक्षा खत्म होने का डर है। इसके अलावा इससे यूनियन की शक्ति कम होगी।कहा गया कि नए प्रावधानों से कर्मचारियों के संगठित होने और अपनी मांगों को रखने के कानूनी अधिकारों को सीमित किया जा रहा है। साथ ही, रेलवे और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के अंधाधुंध निजीकरण के खिलाफ आवाज उठाई गई।

विरोध प्रदर्शन के दौरान यूनियन नेताओं ने कहा कि आज सोनपुर का हर कर्मचारी एकजुट है। हम इन काले कानूनों को लागू नहीं होने देंगे। जब तक सरकार मजदूरों के हितों की रक्षा सुनिश्चित नहीं करती, हमारा संघर्ष चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। दोपहर में आयोजित विरोध सभा क्रू लॉबी, डेमू शेड, ट्रैक डिपो में भारी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *