उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन अभियुक्तों पर मामला दर्ज
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। नगरपालिका चुनाव एवं होली पर्व को लेकर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई में तीन अभियुक्तों पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं अवैध शराब फैक्ट्री का उदभेदन के बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त किया गया है।
सहायक आयुक्त उत्पाद बोकारो के निर्देशानुसार नगरपालिका आम चुनाव एवं होली पर्व के मद्देनज़र उत्पाद विभाग ने 12 फरवरी को गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला के हद में जरीडीह थाना क्षेत्र के रोरिया गांव (टोला तिलायटांड़) में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक मकान से नकली विदेशी शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया। यहां भारी मात्रा में तैयार शराब और निर्माण सामग्री बरामद किया गया। छापेमारी में विभिन्न ब्रांड की कुल 1800 बोतल विदेशी शराब (534.600 लीटर) बरामद की गई। जब्त शराब में मैकडॉवेल, स्टर्लिंग बी7, रॉयल स्टैग, आइकोनिक वाइट एवं रॉयल चैलेंज ब्रांड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 18 जर्किन में लगभग 900 लीटर स्पिरिट,भारी मात्रा में नकली ईएएल, विभिन्न ब्रांड्स के स्टीकर, ढक्कन, खाली बोतलें तथा कारमेल मिक्सर भी बरामद किए गए।
चुनाव एवं होली पर्व को देखते हुए उत्पाद विभाग द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया कि आगामी नगरपालिका आम चुनाव एवं होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई, जिससे अवैध शराब के कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है। बताया गया कि इस मामले में तीन अभियुक्तों के विरुद्ध दर्ज मामले में कुंडोरी रहिवासी राजा बाबू, बस्तेजी रहिवासी संतोष मुर्मू एवं रोरिया रहिवासी दुर्गा चरण हांसदा के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जा रहा है।
छापेमारी दल सन्नी विवेक तिर्की (अवर निरीक्षक उत्पाद, तेनुघाट), महेश दास (अवर निरीक्षक उत्पाद चंद्रपुरा सह बेरमो अंचल) सहित अधीनस्थ उत्पाद बल की सक्रिय भूमिका रही। उत्पाद विभाग ने कहा है कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
![]()













Leave a Reply