Advertisement

डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में गरिमामय एलुमनई मीट का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में फुसरो-डुमरी पथ पर मकोली मोड़ के समीप स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में 11 फरवरी को उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ एलुमनई मीट का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।

वर्षों बाद अपने शिक्षकों, मित्रों और विद्यालय परिसर से पुनः जुड़कर सभी पुर्ववर्ती छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय का वातावरण आत्मीयता, स्मृतियों और प्रेरणा से परिपूर्ण दिखाई दे रहा था। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन एवं डीएवी गान के साथ किया गया। विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ दास गुप्ता एवं वरिष्ठ शिक्षकों ने पूर्व छात्रों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत, समूह नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।

मौके पर उपस्थित एलुमनई सदस्यों ने मंच से अपने विद्यालयीन अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार डीएवी ढोरी ने उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासन की सराहना करते हुए वर्तमान विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम करने तथा जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह रहा, जिसमें वर्तमान सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके ओवरऑल परफॉर्मेंस के आधार पर पुरस्कृत किया गया। विभिन्न श्रेणियों में विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिसमें मोस्ट सिन्सियर अमन कुमार (पुत्र शैलेन्द्र प्रसाद गुप्ता), कक्षा द्वादश ‘अ’, मोस्ट ओबीडिएंट अभिषेक पांडेय (पुत्र एस. के. पांडेय) कक्षा द्वादश ‘ब’, मोस्ट एक्टिव साकेत कुमार (पुत्र बेनिलाल महतो), कक्षा द्वादश ‘स’, मोस्ट क्यूरियस अंजलि सिंह (पुत्री संतोष सिंह), कक्षा द्वादश ‘ड’, मोस्ट ऑर्गनाइज्ड चिया मिश्रा (पुत्री नवीन कुमार मिश्रा), कक्षा द्वादश आदि शामिल है।

उपरोक्त विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में विशेष हर्ष और गर्व का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य दास गुप्ता ने कहा कि एलुमनई किसी भी शैक्षणिक संस्थान की शक्ति और पहचान होता हैं। उनकी उपलब्धियाँ विद्यालय की उपलब्धियाँ होती हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करते हैं तथा विद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। यह एलुमनई मीट विद्यालय के इतिहास में एक यादगार एवं प्रेरणादायक अवसर के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *