Advertisement

बोकारो के जैनामोड़ में धूमधाम से मनाई गई बाबा तिलका मांझी की जयंती

जयंती समारोह में मंत्री पुत्र विनय कपूर ने किया प्रतिमा पर माल्यार्पण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह प्रखंड के जैनामोड़ स्थित बाबा तिलका मांझी चौक में वीर सपूत बाबा तिलका मांझी की जयंती समारोह 11 फरवरी को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

जानकारी के अनुसार समारोह कार्यक्रम का माहौल देशभक्ति और आदिवासी वीरता की भावना से ओत-प्रोत रहा। समारोह के दौरान मंत्री के पुत्र विनय कपूर ने बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर उन्होंने कहा कि बाबा तिलका मांझी केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष की अमर प्रेरणा रहे हैं। उनके साहस और बलिदान ने देश के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी।

उन्होंने कहा कि बाबा तिलका मांझी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सबसे पहले बिगुल फूंका। उन्होंने अपने अदम्य साहस, स्वाभिमान और त्याग से यह संदेश दिया कि अन्याय के सामने कभी झुकना नहीं चाहिए। आज हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में समानता, न्याय और भाईचारे की भावना को मजबूत करना होगा।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने भी बाबा तिलका मांझी के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे आदिवासी समाज के गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत थे। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। समारोह के अंत में उपस्थित जनों ने वीर शहीद को सामूहिक रूप से नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *