रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से कसमार प्रखंड प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई।
इसी क्रम में 10 फरवरी को प्रखंड कार्यालय परिसर से बाल विवाह निषेध जागरूकता प्रचार रथ को कसमार के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नम्रता जोशी एवं अंचलाधिकारी (सीओ) नरेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बताया जाता है कि यह प्रचार रथ कसमार प्रखंड के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानून में प्रावधानित सजा तथा बच्चों की शिक्षा और अधिकारों को लेकर आमजन को जागरूक करेगा। प्रचार रथ के माध्यम से लाउडस्पीकर, पोस्टर और बैनर के जरिए रहिवासियों को बाल विवाह न करने का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर बीडीओ नम्रता जोशी ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है। कहा कि इससे बच्चों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास बाधित होता है। सरकार ने इसे अपराध घोषित किया है और इसमें सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को आगे आकर बाल विवाह रोकने में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।
सीओ नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बाल विवाह सिर्फ कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि सामाजिक अभिशाप है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। कहा कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलती है तो तुरंत प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कहा कि प्रशासन की ओर से यह भी अपील की गई कि अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ें और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं से दूरी बनाएं। कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभाग के कर्मी एवं सामाजिक कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply