अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में फरवरी माह के नौ दिनों के भीतर अलार्म चैन पुलिंग की अनधिकृत घटनाओं के विरुद्ध सघन एवं सशक्त अभियान चलाया गया। जिसमें रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत कुल 25 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 25 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इस दौरान दोषियों से ₹3,000/- की राशि जुर्माने के रूप में रेल राजस्व में प्राप्त किया गया।
सोनपुर रेल मंडल के पीआरआई राम प्रताप सिंह ने 10 फरवरी को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि रेल यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाए रखने के उद्देश्य से अलार्म चैन पुलिंग (एसीपी) की अनधिकृत घटनाओं के विरुद्ध सघन एवं सशक्त अभियान चलाया गया। यह अभियान एक से 9 फरवरी के बीच रेल मंडल के विभिन्न रेलखंडों एवं स्टेशनों पर प्रभावी रूप से संचालित किया गया।
कहा गया कि सोनपुर रेल मंडल प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा, ट्रेन परिचालन की निरंतरता तथा अनावश्यक विलंब को रोकने के उद्देश्य से की गई है।अनधिकृत एसीपी से न केवल रेल परिचालन प्रभावित होता है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नियमित जांच, निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन में रेल सुरक्षा बल, वाणिज्य विभाग एवं परिचालन विभाग के समन्वित प्रयासों से यह अभियान सफल रहा। यात्रियों से अपील की गयी है कि आपात स्थिति को छोड़कर अलार्म चैन का दुरुपयोग न करें, ताकि सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल सेवा सुनिश्चित की जा सके। कहा गया कि सोनपुर रेल मंडल भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा एवं रेल अनुशासन बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रखेगा।
![]()













Leave a Reply