गायिका मधु रंजना के गीत पर झूमें दर्शक
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला परिसर स्थित पर्यटन विभाग के मुख्य मंच पर 24 नवंबर को दिवाकालीन सत्र के दौरान सारण जिला के संगीत शिक्षकों एवं अतिथि कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
सारण के शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के क्रम में मुख्य मंच से कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों से समां बांध दिया। कार्यक्रम का आगाज वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर से आयी गायिका मधु रंजना ने जब फिल्म राम तेरी गंगा मैली का सुप्रसिद्ध गीत एक राधा एक मीरा दोनों ने श्याम को चाहा की प्रस्तुति दी तो पंडाल में बैठे दर्शक झूम उठे।
उसके बाद गायिका मधु रंजना ने बड़ा नटखट है कृष्ण कन्हैया, का करे यशोदा मैया गाकर वातावरण भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में बाल कलाकार अथर्व सिंह सार्थक ने भजन, एसपीएस सेमिनरी, सोनपुर की संगीत शिक्षिका डॉ मधुलिका कुमारी ने राम-सीता विवाह गीत, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चकिया छपरा के संगीत शिक्षक अजय कुमार राम ने गजल, अतिथि गायिका पुष्पांजलि ने फिल्मी गीत ये मोह मोह के धागे, शिशु संघ मध्य विद्यालय की शिक्षिका सुचित्रा कुमारी ने गजल है जिंदगी कितनी खूबसूरत,जिन्हें अभी तक पता नहीं है।
अतिथि गायक हिमांशु ने जगजीत सिंह की गजल होश वालों को खबर क्या ज़िदगी क्या चीज है, गायक नीरज कुमार नजरिया ने फिल्मी गीत एवं हाई स्कूल अमनौर के संगीत शिक्षक सुरजीत सिंह ने दहेज प्रथा पर आधारित लोक गीत की प्रस्तुति कर खूब वाहवाही लूटी।
उपरोक्त गायक कलाकारों के साथ ढोलक पर रघुवीर सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महदलीचक, सोनपुर के संगीत शिक्षक मनोज कुमार सुमन, इफेक्ट पर विक्की पटेल ने शानदार तरीके से संगत किया। कार्यक्रम का संचालन आरबी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारवें, परसौना के वरिष्ठ शिक्षक मानवेंद्र कुमार सिंह एवं जेडी प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्तरीय विद्यालय परसौना परसा के संगीत शिक्षक गोविंद वल्लभ ने संयुक्त रूप से किया।
![]()













Leave a Reply