Advertisement

एसपी कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के कार्यालय में 18 जुलाई को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार बढ़ते अपराध और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारियों, पुलिस इंस्पेक्टर और डीएसपी को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने इलाके में अपराध पर काबू पाना होगा। बैठक में एसपी ने साफ तौर पर कहा कि हाल के दिनों में जिले में सड़क दुर्घटनाएं और चोरी की घटनाएं बढ़ी है, जो बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि अब इन घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी और हर स्तर पर पुलिस को सक्रिय रहना होगा। गोष्ठी में एसपी सिंह ने ऐलान किया कि जो पुलिस अधिकारी और जवान पिछले एक-डेढ़ महीने में अच्छा काम किए हैं, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इससे पुलिसकर्मियों में नया जोश और प्रेरणा देखी गई।

नक्सल गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखने की बात कही गयी। गोष्ठी में हाल ही में झुमरा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ और नक्सल गतिविधियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गयी।
एसपी ने बताया कि नक्सलियों पर शिकंजा कसने का अभियान लगातार जारी है और आगे इस पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि क्राइम कंट्रोल सिर्फ एफआईआर दर्ज करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि असली काम तो जमीनी स्तर पर कार्रवाई और रोकथाम का है। कहा कि पुलिस की तत्परता से ही जनता का भरोसा मजबूत होता है।

एसपी ने कहा कि अपराध पर काबू पाना हमारी पहली प्राथमिकता है। हर पुलिस अधिकारी को अपने दायित्व को गंभीरता से लेना होगा। पुलिस की छवि जनता की नजरों में तभी और मजबूत बनेगी, जब कार्रवाई जमीनी स्तर पर दिखेगी। बोकारो पुलिस के इस नए एक्शन प्लान से साफ है कि अपराध और हादसों को लेकर जिले में सख्ती बरती जाएगी। उम्मीद है कि इससे जनता को राहत मिलेगी और जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *