सोनपुर रेल मंडल में 75वां गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन

मंडल रेल प्रबंधक ने किया झंडोत्तोलन

प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर रेल मंडल में हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ 75वां गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया।

जानकारी के अनुसार बीते 26 जनवरी को मुख्य समारोह रेलवे स्टेडियम सोनपुर में आयोजित किया गया, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद ने झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर उपस्थित अमन पसंद जनों ने राष्ट्र गान में भाग लिया। मंडल रेल प्रबंधक को रेल सुरक्षा बल के गारद की सलामी दी गई। इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने गारद का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर सोनपुर मंडल की ओर से सबको शुभकामनाएं देते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सतत विकास एवं मुस्कान के साथ यात्रियों की सुरक्षित यात्रा की प्रतिबद्धता का निर्वाह करते हुए उनका मंडल अपने क्षेत्र में सेवित यात्रियों की निरंतर सेवा में लगा हुआ है। इसके उपरांत उन्होंने मंडल की अब तक की उपलब्धि पर संक्षिप्त प्रकाश डाला एवं सभी रेल कर्मचारियों को देश के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड, सोनपुर मंडल कला समिति तथा प्रतिभा खोज प्रतियोगिता द्वारा चयनित कलाकारों द्वारा देश भक्ति से ओतप्रोत लोक लुभावन नृत्यों से अद्भुत छटा बिखेरी गयी, जिससे कार्यक्रम में चार चांद लग गए।

अंतर विभागीय कृतज्ञता पुरस्कार से16 कर्मचारी सम्मानित

इस खास मौके पर मंडल रेल प्रबंधक सूद द्वारा अंतर विभागीय कृतज्ञता पुरस्कार जिसमें अंतर विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 16 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके उपरांत गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सोनपुर रेलवे स्टेडियम में प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के तहत कुल 14 प्रतिभागी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक एवं महिला कल्याण संगठन सोनपुर के सदस्यों तथा अन्य उपस्थित अधिकारियों द्वारा गुब्बारा उड़ाकर शांति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सभी अधिकारी गण एवं सभी एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण, मीडिया के सदस्य, स्काउट एंड गाइड के कैडेट्स एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

 55 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *