विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। गोमिया प्रखंड (Gomian block) के हद में पिपरा तालाब में नहाने के क्रम में 60 वर्षीय बुजुर्ग की डूबने से मौत हो गयी। मृतक चतरोचट्टी निवासी रामचरण ठाकुर बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार चतरोचट्टी थाना क्षेत्र रहिवासी रामचरण ठाकुर की पिपरा तालाब में नहाने के क्रम में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि चतरोचट्टी निवासी रामचरण ठाकुर उम्र लगभग 60 वर्ष 6 जून को लगभग 11 बजे दिन तालाब में नहाने गया था। पिछले दिनों भारी बारिश के कारण तालाब में पानी भरा हुआ है। नहाने के दौरान उसका पांव चिकनी मिट्टी में फिसल गया। इस कारण गहरे पानी में वह डूबता चला गया। प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार डूबने के क्रम में रामचरण ठाकुर जोर जोर से बचाने के लिए आवाज भी लगाई। तालाब के आसपास नहा रहे स्थानीय रहिवासियों ने आवाज सुनकर जब उसे बचाने के लिए दौड़े, तब तक वह गहरे पानी में जा चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही चतरोचट्टी के मुखिया प्रतिनिधि महादेव महतो तालाब पहुंचे और जानकारी लेने के बाद इसकी तत्काल सूचना गोमियां बीडीओ कपिल कुमार और थाना प्रभारी विवेक तिवारी को दिया। सूचना पाकर थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और उसकी तलाश के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की। ग्रामीण तालाब में मछली पकड़ने वाली साधन लेकर उसकी खोजबीन शुरू की और एक घंटे के बाद उसका शव बरामद कर लिया गया। इस संबंध में चतरो चट्टी थाना प्रभारी विवेक तिवारी ने दूरभाष पर बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से शव को ढूंढने में मदद मिली। कागजी कार्रवाई करते हुए शव को अंत्यपरीक्षण हेतु अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया गया है।
![]()












Leave a Reply