प्रतियोगी परीक्षा से साइबर सुरक्षा तक, छात्राओं को जागरूक कर गई वर्षा सिंह
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित राज्य संपोषित बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक सितंबर को ज्ञान, करियर और जागरूकता पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी (डीएम) वर्षा सिंह ने छात्राओं से सीधा संवाद किया।
जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में डीएम ने विद्यालय पुस्तकालय का उद्घाटन रिबन काटकर किया। पुस्तकालय अध्यक्ष नूतन के संचालन में आयोजित इस सत्र में विद्यालय की छात्राओं ने डीएम का स्वागत किया। इस दौरान डीएम ने छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, डॉक्टर, इंजीनियर और सिविल सेवा में सफलता के लिए अनुशासन, नियमित अध्ययन और लक्ष्य निर्धारण के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि बड़े सपने देखो और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी लगन से जुट जाओ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्या डॉ केकी कृष्ण ने डीएम को स्वरचित अपनी पुस्तक भेंट की और छात्राओं ने हाथों से बनाए पर्यावरण संदेश वाले बुके भेंट किए।
बताया जाता है कि द्वितीय सत्र का आयोजन विद्यालय सभागार में वंदे मातरम् के साथ शुरू किया गया। स्वागत उद्बोधन में प्राचार्या डॉ केकी कृष्ण ने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। डीएम श्रीमती वर्षा सिंह ने छात्राओं को साइबर अपराध के प्रकार, मोबाइल, सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अंजान लिंक, कॉल और ऑनलाइन प्रलोभन से सतर्क रहने की सलाह दी। इस दौरान साइबर सुरक्षा पर आयोजित गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।

मौके पर साइबर क्राइम डीएसपी ने साइबर ठगी से बचने के व्यावहारिक उपाय और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। कार्यक्रम में डीएम ने प्रधानमंत्री के नशामुक्त भारत अभियान का जिक्र करते हुए छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई। छात्राओं और शिक्षकों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया।
आयोजित कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) सोनाली संचेत, नेहरू युवा केंद्र की कार्यक्रम पदाधिकारी स्मृति सैनी, शिक्षा विभाग से दिलीप कुमार और जियाउल हक सहित कई अधिकारीगण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ राजेश कुमार सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन विज्ञान शिक्षिका अनीता शर्मा ने किया। इस दौरान शिक्षिका अनीता शर्मा और कला शिक्षिका अर्चना कुमारी को डीएम द्वारा सम्मानित भी किया गया।
![]()













Leave a Reply