Advertisement

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, योगाभ्यास, जागरूकता रैली का आयोजन

नियमित जांच व् स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर हृदय को रखें स्वस्थ-सिविल सर्जन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद के निर्देशन में 29 सितंबर को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, योगाभ्यास, जागरूकता रैली सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों को हृदय रोग के कारणों, लक्षणों एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने उपस्थित जनों को नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया।

सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाना जरूरी है। रहिवासियों को तंबाकू एवं धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनानी चाहिए तथा नमक, चीनी और अत्यधिक वसायुक्त भोजन का सेवन सीमित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा और तंबाकू सेवन हृदय रोग के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। समय पर जांच और शुरुआती स्तर पर सावधानी बरतने से गंभीर हृदय संबंधी समस्याओं के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने आमजनों से अपील की कि सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक पसीना, चक्कर या अचानक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज न करें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय सलाह लें।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिना अग्रवाल, जिला डेटा प्रबंधक कंचन कुमारी, जिला कार्यक्रम सहायक आरती कुमारी मिश्रा, जिला परामर्शी मो. असलम (तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम), असीम कुमार, सोमनाथ, दिनेश सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी आदि उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *