Advertisement

सोनपुर मेला में होगा खेलों का महाकुंभ, 15 विधाओं में 9 प्रमंडलों की टीमें दिखाएंगी दम

सोनपुर मेला की तैयारियों को लेकर जिला मुख्यालय में बैठक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर में आगामी हरिहर क्षेत्र मेला के अवसर पर आयोजित होने वाले वार्षिक खेल महोत्सव की तैयारियों को लेकर 23 सितंबर को उप विकास आयुक्त कार्यालय छपरा के कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

सारण के जिलाधिकारी (डीएम( वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित जिले के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरिहरक्षेत्र सोनपुर में जिला एवं प्रमंडल स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके तहत कुल 15 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें कबड्डी, खो-खो, हैंडबॉल, घुड़दौड़, पैरा एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल, नौका दौड़, क्रिकेट, टग ऑफ वॉर, शतरंज, कुश्ती/दंगल, भारोत्तोलन एवं योगासन/योग क्रिया शामिल हैं।

बैठक में कहा गया कि खेलवार अवधि भी निर्धारित की गई है। जिसमें क्रिकेट के लिए 6 दिन, फुटबॉल के लिए 4 दिन, कबड्डी, खो-खो, हैंडबॉल, वॉलीबॉल एवं कुश्ती/दंगल के लिए 2-2 दिन, नौका दौड़, शतरंज एवं योगासन के लिए 1-1 दिन, जबकि टग ऑफ वॉर के लिए 2 घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

बैठक में बताया गया कि उपरोक्त खेल प्रतियोगिताओं में राज्य के 9 प्रमंडलों की टीमें भाग लेंगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और सोनपुर मेला को और अधिक आकर्षक बनाना है। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं खेल संघों को आपसी समन्वय स्थापित कर खेलवार तिथियों को अंतिम रूप देने तथा सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *