सुरक्षित व् सुव्यवस्थित आयोजन को ले अलर्ट, यातायात व् स्वास्थ्य तैयारियों पर मंथन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर 31 अक्टूबर को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेला क्षेत्र और मेला तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, पशु मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम ने जेपी सेतु पर सुचारू यातायात के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती, शनिवार-रविवार को तीनों पालियों में अतिरिक्त बल, बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट, ट्रॉली और क्रेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पटना और वैशाली जिला प्रशासन के साथ संयुक्त यातायात योजना, ट्रैफिक ड्रिल का पूर्वाभ्यास और आवश्यकता पड़ने पर श्रावणी मेला की तर्ज पर रूट डायवर्जन लागू करने का भी निर्देश दिया गया।
मेला के दौरान नगर कार्यपालक पदाधिकारी को प्रकाश व्यवस्था का नोडल बनाया गया है। हरिहरनाथ मंदिर प्रवेश द्वार से मेला परिसर, कैंप एरिया और नखास क्षेत्र तक आकर्षक एलईडी व झालर लाइटिंग तथा सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को आगामी 6 नवंबर तक दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। गजग्राह प्रतिमा के पास लटके विद्युत तारों को सुव्यवस्थित करने, सभी चौक-चौराहों की पेंटिंग-मरम्मत और सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत का आदेश दिया गया। समीक्षा क्रम में मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, प्रमुख स्थलों पर पेयजल स्टैंड पोस्ट, ड्रेनेज-सोख्ता निर्माण और जलजमाव की निकासी की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।

बैठक में डीएम ने कहा कि क्राउड मैनेजमेंट में थोड़ी सी चूक भी सभी व्यवस्थाओं को प्रभावित कर सकती है। प्रमुख प्रवेश-निकास मार्गों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा बलों की तैनाती, मढौरा, पहलेजा घाट और कालीघाट पर दो-दो एसडीआरएफ टीमों की प्रतिनियुक्ति तथा कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन को मेला क्षेत्र में सात अस्थायी स्वास्थ्य शिविर 24×7 संचालित करने और नौ स्थानों पर एंबुलेंस तैनात करने का निर्देश दिया गया। पशु मेला बाजार में पेयजल, साफ-सफाई, ड्रेनेज के साथ 24 घंटे पशु चिकित्सा टीम और सोनपुर पशु अस्पताल को 24 घंटे संचालित रखने को कहा गया।
बैठक में पर्यटन विभाग के स्विस कॉटेज क्षेत्र के पास पार्किंग के लिए रैयतों से समन्वय, गज -ग्रह चौक से घोड़ा बाजार तक संकीर्ण मार्ग पर ड्रॉप गेट, प्रमंडल स्तरीय खेलकूद और ‘सोनपुर आइडल’ प्रतियोगिता की तैयारी, कलाकारों के टाइम स्लॉट फाइनल करने की समीक्षा की गई। सभी संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त करने, अतिक्रमण हटाने, स्थानीय रहिवासियों को पास निर्गत करने, डाक बंगला की मरम्मत और सूचनाओं के प्रसार के लिए मेला दर्पण तथा नियंत्रण कक्ष को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश भी दिया गया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम जनों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम मेला अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
![]()













Leave a Reply