विकसित होगा 599 वर्ग किलोमीटर में आधुनिक और एकीकृत शहर
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सोनपुर आयोजन क्षेत्र के मास्टर प्लान-2045 के ड्राफ्ट को आयोजित समीक्षा बैठक में सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई। इसके साथ ही 599 वर्ग किलोमीटर में आधुनिक और एकीकृत शहर हरिहरनाथपुरम विकसित करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभागार में 16 सितंबर को आयोजित बैठक में अध्यक्षता कर रहे सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार ने सभी की सहमति मिलने के बाद ड्राफ्ट को अनुमोदन कर दिया। बैठक में मास्टर प्लान का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।
समीक्षा बैठक में सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। वहीं सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह, छपरा सदर विधायक छोटी कुमारी, विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हितधारक बैठक में मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार प्रस्ताव के अनुसार सोनपुर प्लानिंग एरिया का कुल क्षेत्रफल 599 वर्ग किलोमीटर होगा, जिसमें दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर, गरखा और परसा प्रखंड शामिल होंगे। इसमें 36.71 वर्ग किलोमीटर शहरी क्षेत्र और 562.29 वर्ग किलोमीटर ग्रामीण क्षेत्र प्रस्तावित है। योजना क्षेत्र में तीन शहरी केंद्र और 416 राजस्व ग्राम शामिल होंगे। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार इस क्षेत्र की कुल जनसंख्या 8,72,676 है।
मास्टर प्लान का मुख्य उद्देश्य सोनपुर क्षेत्र को एक आधुनिक और एकीकृत शहर के रूप में विकसित करना है। इसके तहत औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, पर्यटन, शिक्षा व् स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना शामिल है। साथ ही सड़क और जलमार्ग आधारित लॉजिस्टिक नेटवर्क, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, पारिस्थितिक संतुलन और विरासत संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया है।
बैठक में सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मास्टर प्लान का समर्थन करते हुए इसे क्षेत्र के औद्योगिक, स्वास्थ्य, पर्यटन और समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया और इसे शीघ्र धरातल पर उतारने का सुझाव दिया। अंत में समिति के उपाध्यक्ष-सह-जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव ने सभी हितधारकों से ड्राफ्ट पर फीडबैक देने का अनुरोध किया।
इसके बाद समिति के अध्यक्ष-सह-आयुक्त मनीष कुमार ने सभी की सहमति से ड्राफ्ट प्रस्ताव को अनुमोदित किया।इस अवसर पर प्रमण्डलीय आयुक्त ने कहा कि यह योजना केवल सारण जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। आयुक्त ने नगर आयुक्त छपरा नगर निगम को कंसल्टेंट टीम के साथ समन्वय कर आवश्यक सुझावों को प्रस्ताव में शामिल करने का निर्देश दिया।
![]()













Leave a Reply