Advertisement

साड़म में एक ही रात दो बंद घरों में चोरी, लाखों के आभूषण एवं नगदी गायब

प्रहरी संवाददाता/ गोमिया (बोकारो)। बोम जिला के हद में गोमिया प्रखंड के साड़म नहर मार्ग में एक ही रात में दो बंद घरों में चोरो ने चोरी बारदात को अंजाम दिया है। यहां से लाखों के आभूषण एवं नगदी गायब है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

जानकारी के अनुसार गोमिया थाना क्षेत्र के साड़म नहर रोड में चोरों ने एक ही रात में दो बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों पीड़ित पुलिस विभाग से जुड़े बताये जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जाता है कि पहली घटना चतरा पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यरत सुनील पासवान के घर में घटित हुआ है। सुनील परिवार सहित चतरा में ही रहते हैं। साड़म स्थित उनका घर माता-पिता की देखरेख में रहता है। उनके माता-पिता सुबह-शाम घर की साफ-सफाई कर रात को अपने दूसरे घर में सोने चले जाते हैं। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया और बंद घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। हालांकि क्या और कितने की चोरी हुई है, इसका सही आकलन गृहस्वामी के आने के बाद ही हो पाएगा।

दूसरी घटना तेनुघाट ओपी के पूर्व एसपीओ आनंद पासवान के घर में हुई है। आनंद ने बताया कि वह घर में ताला लगाकर पूरे परिवार के साथ छठ पूजा में अपने ससुराल हजारीबाग गए थे। बताया कि 16 नवंबर की सुबह सूचना मिली कि उनके घर में चोरी हो गई है। आनन-फानन में वे साड़म पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा है और अंदर लोहे की अलमारी खुली पड़ी है। कहा कि अलमारी के लॉकर में रखे लगभग साढ़े तीन से चार लाख रुपये के सोना तथा चांदी के गहने गायब है। चोरी गए सामान में तीन जोड़े चांदी के पायल, दो सोने की अंगूठी, एक सोने का मंगलसूत्र और पांच हजार रुपये नकद शामिल है।

पीड़ित आनंद ने बताया कि उन्होंने पाई-पाई जमा कर अपनी दो बेटियों की शादी के लिए गहने बनवाकर रखे थे, जिसे चोर उड़ा ले गए। उन्होंने बताया कि वे तेनुघाट ओपी में एसपीओ के रूप में कार्यरत थे, लेकिन वर्ष 2023 में सरकार ने उन्हें कार्य से बैठा दिया है।

ज्ञात हो कि, छठ पूजा से पहले गोमिया थाना प्रभारी ने आम रहिवासियों से अपील की थी कि पूजा के दौरान घर से बाहर जाने पर घर को पूरी तरह सुरक्षित करके जाएं और किसी को घर की सुरक्षा का जिम्मा देकर ही जाएं। इसके बावजूद एक ही मोहल्ले में दो घरों में चोरी हो गई। सवाल उठ रहा है कि जब पुलिस विभाग में कार्यरत कर्मियों के घर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनों के घर कैसे सुरक्षित रहेंगे? फिलहाल पुलिस को सूचना दे दी गई है, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *