Advertisement

सम्मान, यादें और शुभकामनाओं के बीच लक्ष्मण महतो की भावभीनी विदाई

उत्क्रमित उच्च विद्यालय टांगटोना में सेवानिवृत्त शिक्षक के सम्मान में विदाई समारोह

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय टांगटोना में 31 अगस्त को भावुक और यादगार माहौल के बीच सेवानिवृत्त शिक्षक लक्ष्मण महतो को भावभीनी विदाई दी गई। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह में सहकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं स्थानीय रहिवासियों ने उनके लंबे सेवाकाल को याद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

समारोह में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षक लक्ष्मण महतो को अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। सहकर्मियों और अतिथियों ने उनके सरल स्वभाव, विद्यार्थियों के प्रति आत्मीय व्यवहार, अनुशासन तथा विद्यालय के प्रति समर्पण को याद किया। विदाई के दौरान कई शिक्षक एवं सहकर्मी भावुक नजर आए।

समरोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ पढ़ाने वाला इंसान नहीं होता, बल्कि वह नई पीढ़ी के व्यक्तित्व और भविष्य को गढ़ने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। लक्ष्मण महतो ने अपने सेवाकाल में विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ विद्यालय की जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति एक पड़ाव है, शिक्षक की भूमिका और उसका अनुभव समाज के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहता है। उन्होंने सेवानिवृत शिक्षक महतो के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विनोद कुमार महतो ने कहा कि लक्ष्मण महतो का सरल व्यवहार, कार्य के प्रति समर्पण और सहकर्मियों के साथ सहयोग की भावना हमेशा प्रेरणादायी रही है। उनके सेवानिवृत्त होने से विद्यालय ने एक अनुभवी एवं जिम्मेदार शिक्षक खोया है। उन्होंने कहा कि उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें विद्यालय परिवार के लिए हमेशा बनी रहेंगी। टांगटोना पंचायत की मुखिया सुमित्रा कुमारी ने कहा कि लक्ष्मण महतो ने शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन किया। उनका सरल व्यवहार और विद्यार्थियों के प्रति आत्मीयता सभी के लिए प्रेरणादायी है।उन्होंने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

शिक्षाविद दीपक पुनिआर ने कहा कि एक शिक्षक की असली पहचान उसके विद्यार्थियों के जीवन में दिखाई देती है। महतो ने अपने लंबे सेवाकाल में शिक्षा के माध्यम से कई विद्यार्थियों का भविष्य संवारने का कार्य किया है। उनके अनुभव और योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।

सीआरपी फलहारी महतो ने कहा कि लक्ष्मण महतो हमेशा अपने कार्य के प्रति गंभीर और जिम्मेदार रहे। विद्यालयी व्यवस्था को बेहतर बनाने में उनका योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि उनके जैसे अनुभवी शिक्षक से विद्यालय परिवार को हमेशा मार्ग दर्शन मिलता रहा। उच्च विद्यालय बगदा के प्राचार्य राजेश दास ने कहा कि शिक्षक की विदाई केवल सेवा से होती है, उनके विचार और अनुभव समाज में हमेशा जीवित रहते हैं। लक्ष्मण महतो का कार्यकाल शिक्षकों के लिए प्रेरणा का विषय है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय डूमरकुदर के प्राचार्य बिंदेश्वर महतो ने कहा कि लक्ष्मण महतो ने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

उन्होंने उनके सेवानिवृत्त जीवन को सुखद एवं स्वस्थ बनाने की शुभकामना दी। उच्च विद्यालय मंजूरा के शिक्षक संजय कुमार महतो ने कहा कि लक्ष्मण महतो का व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक रहा। सहकर्मियों और विद्यार्थियों के बीच उनकी अलग पहचान रही है। उनके साथ काम करने का अनुभव हमेशा यादगार रहेगा। मध्य विद्यालय जामकुदर के संजय कुमार ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक सेवा देना अपने आप में गौरव की बात है। महतो ने अपने सेवाकाल में जिस निष्ठा से जिम्मेदारी निभाई, वह आने वाले शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है। रामकिंकर महतो ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी लक्ष्मण महतो का अनुभव समाज और शिक्षा जगत के लिए उपयोगी रहेगा। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं शांतिपूर्ण जीवन की कामना की।

महेश नायक ने कहा कि विद्यालय परिवार से विदाई का यह क्षण भावुक करने वाला है। उनकी कमी विद्यालय में महसूस होगी, लेकिन उनके द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और योगदान की यादें हमेशा बनी रहेंगी। विदाई समारोह कार्यक्रम में शिक्षक सुबोध महतो, देवधारी महतो, तारकेश्वर प्रसाद, वेद प्रकाश, कपिलेश्वर महतो, लालकिशोर महतो, रथू महतो, सरिता देवी, आईसीटी इंट्रैक्टर कुमारी तपोसी महतो, लिपिक कुनाल कुमार महतो, विद्यालय अध्यक्ष भूषण महतो, पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर महतो समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका एवं अन्य मौजूद थे। सभी ने लक्ष्मण महतो के साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उनके सेवानिवृत्त जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *