रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरई में विद्यालय के समग्र विकास एवं छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में विद्यालय प्रबंधन समिति की अहम भूमिका है। इसी उद्देश्य को लेकर 25 सितंबर को विद्यालय परिसर में विद्यालय प्रबंधन समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा खुशबू देवी तथा संचालन प्रभारी प्रधानाध्यापक शिव कुमार गोस्वामी ने किया। इस दौरान विद्यालय के शैक्षणिक विकास, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा विद्यालय में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों में समिति की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में समिति की महिला सदस्यों पुष्पा देवी, कौशल्या देवी, सरस्वती देवी, हिना देवी, मंजू देवी एवं भुनेश्वरी देवी तथा पुरुष सदस्यों रामप्रवेश महतो, प्रेमचंद महतो, चौवा सिंह एवं मिंटू सिंह के अलावा उपाध्यक्ष भोला प्रसाद अग्रवाल एवं सहायक शिक्षक गावस्कर उपस्थित रहे। बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के कार्यों एवं दायित्वों के प्रति सदस्यों को जागरूक करते हुए विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया। समिति के सहयोग से विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विकास कार्यों को गति देने पर भी चर्चा की गयी।
जानकारी के अनुसार विद्यालय स्तर पर संचालित विभिन्न कार्यक्रमों में विद्यालय प्रबंधन समिति की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान, निपुण भारत कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण जागरूकता अभियान एवं प्रयास कार्यक्रम सहित अन्य शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी समिति के सदस्यों को दी गई।
विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं की शत-प्रतिशत नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर भी विशेष चर्चा की गयी। इसके लिए समिति के सदस्यों ने अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें जागरूक करने तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में विद्यालय के शैक्षणिक एवं समग्र विकास के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर सहमति बनी।
![]()













Leave a Reply