रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मुहर्रम पर्व के मद्देनजर बोकारो जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में 24 जून को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा की उपस्थिति में विशेष मॉक ड्रिल (दंगा विरोधी अभ्यास) का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल के जवानों को किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने, भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा उपद्रवी तत्वों पर त्वरित कार्रवाई करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान दंगा नियंत्रण उपकरणों के उपयोग, संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तथा समन्वित कार्रवाई का प्रदर्शन भी किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि मुहर्रम जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह तैयार है। सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मीणा ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल की तैयारियों को परखना और जवानों को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रशिक्षित करना है। उन्होंने कहा कि जिले में शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी उन्होंने प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। मौके पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुहर्रम के दौरान सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
![]()













Leave a Reply