Advertisement

मीडिया में नकारात्मक खबरों की होगी गहन समीक्षा, जिला प्रशासन ने बनाई रणनीति

सारण डीएम के निर्देश पर मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक संपन्न

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिला पदाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर एक सितंबर को जिला मुख्यालय छपरा स्थित डीडीसी कार्यालय कक्ष में मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (भा.प्र.से) लक्ष्मण तिवारी ने की।

जानकारी के अनुसार आयोजित बैठक में सारण जिले से जुड़े प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित-प्रसारित नकारात्मक समाचारों की बिंदुवार समीक्षा की गई। समाचारों में उठाए गए मुद्दों पर संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई और उसके अनुपालन की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में उप विकास आयुक्त तिवारी ने कमेटी के नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मीडिया में आए प्रत्येक मामले पर नियमित अनुपालन प्रतिवेदन तैयार किए जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से रिपोर्ट लेना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन समाचारों में प्रशासन या किसी विभाग से जुड़े तथ्यों को गलत या भ्रामक तरीके से पेश किया गया है, उन मामलों में प्रमाणिक और तथ्यात्मक जानकारी के साथ तत्काल खंडन प्रकाशित-प्रसारित कराया जाए। साथ ही बैठक में यह भी तय किया गया कि मीडिया पर निरंतर और प्रभावी निगरानी रखी जाएगी। जनहित से जुड़े मामलों पर त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी और आम जनों तक सही, प्रामाणिक और अद्यतन जानकारी पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखा जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *