रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी के होली क्रॉस स्कूल हॉस्टल से बीते दिनों अचानक गायब हुए सातवीं कक्षा के छात्र को चंदनकियारी पुलिस ने सकुशल ढूंढ निकाला है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के कारण बच्चे को धनबाद जिला के हद में भौंरा रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया गया, उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल के आसनसोल रहिवासी श्यामल मंडल के सातवीं में पढ़ने वाले पुत्र स्वजस मंडल के हॉस्टल से अचानक लापता होने के बाद परिजनों में मातम पसर गया था। बच्चा चंदनकियारी स्थित होली क्रॉस स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। जैसे ही छात्र के गायब होने की सूचना मिली, स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने स्थानीय थाने में इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंदनकियारी पुलिस ने त्वरित एक विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी।
बताया जाता है कि तकनीकी सेल और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस लगातार बच्चे की सुरागकशी में जुटी रही। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि छात्र को धनबाद क्षेत्र के भौंरा रेलवे स्टेशन के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही चंदनकियारी पुलिस ने बिना वक्त गंवाए भौंरा स्टेशन पर दबिश दी और स्वजस मंडल को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
बच्चे के सकुशल मिलने की खबर मिलते ही आसनसोल से चंदनकियारी पहुंचे माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने चंदनकियारी पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशीलता की दिल से सराहना की है। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एक नवंबर को बरामद छात्र को सकुशल उसके पिता श्यामल मंडल को सौंप दिया है।
![]()













Leave a Reply