Advertisement

पीएमश्री विद्यालय कसमार में हिन्दी दिवस सह पुरस्कार वितरण कार्यक्रम

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। हिन्दी दिवस के अवसर पर बोकारो जिला के हद में पीएमश्री एस.एस. +2 उच्च विद्यालय कसमार में प्रार्थना सभा मे हिन्दी दिवस सह पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य फारुख अंसारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा के अध्ययन के साथ-साथ साहित्य एवं रचनात्मक लेखन में भी रुचि विकसित करनी चाहिए।

पोएट्री क्लब के नोडल एवं हिन्दी के शिक्षक राम बाबू शुक्ल ने हिन्दी साहित्य की विविधता और काव्य की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को कविता, कहानी एवं साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। पीएमश्री नोडल एवं अंग्रेजी के शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा ने हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं के ज्ञान को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

वहीं गणित के शिक्षक अशोक रजवार, जीव विज्ञान के शिक्षक महाकांत झा तथा हिन्दी शिक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह ने भी हिन्दी दिवस की प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में अन्य शिक्षक अमित कुमार, सीमा कुमारी, कैलाश कुमार, परमेश्वर बेसरा, अजय कुमार दूबे, नीतेश कुमार प्रजापति एवं पूनम कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान विश्वरूप मुखर्जी, द्वितीय स्थान सतरूपा मुखर्जी, तृप्ति वर्मा, उत्तम कुमार, तृतीय स्थान श्रद्धा कुमारी, शाहिस्ता, हम्द रजा, इच्छा कुमारी और चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शाहिस्ता, द्वितीय स्थान पूजा कुमारी, करन कुमार तथा तृतीय स्थान संजना कुमारी, आशा कुमारी, मनीषा कुमारी को हिन्दी दिवस से संबंधित गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए मेडल एवं टॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि हिन्दी का सम्मान केवल हिन्दी दिवस तक सीमित न रहे, बल्कि हिन्दी भाषा का प्रयोग, अध्ययन और साहित्य से जुड़ाव पूरे वर्ष निरंतर बना रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में हिन्दी भाषा एवं साहित्य के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *