Advertisement

ठाणे में 10.93 करोड़ के ड्रग्स जब्त, तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार

विशेष संवाददाता/मुंबई। ठाणे जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंब्रा पुलिस ने एक कथित ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दिवा स्थित एक रिहायशी सोसायटी में छापेमारी कर तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 10 करोड़ 93 लाख रुपये से अधिक कीमत के कोकीन और मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स जब्त किए। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

600 फ्लैटों की तलाशी के बाद मिला ड्रग्स का जखीरा

पुलिस के मुताबिक, मुंब्रा पुलिस के एंटी नारकोटिक्स दस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि दिवा के बेतवड़े गांव स्थित मैराथन नेक्सवर्ल्ड आवासीय परिसर में मादक पदार्थों की बिक्री और भंडारण किया जा रहा है। इसके बाद 14 नवंबर को पुलिस ने परिसर के करीब 600 फ्लैटों की तलाशी ली। इस दौरान नाइजीरिया के नागरिक इमैनुएल चुक्वुएमेका नवांक्वो (41) और यूचेरिया चुक्वुएमेका ओबियानुजू (41) को हिरासत में लिया गया। उनके पास से 2.098 किलोग्राम कोकीन और 104.7 ग्राम एमडी बरामद हुई।

पूछताछ में तीसरे आरोपी का खुलासा

दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को उनके एक अन्य सहयोगी उस्मान बुआरी अली के बारे में जानकारी मिली। सेनेगल के नागरिक उस्मान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 59.3 ग्राम अतिरिक्त कोकीन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के पास से जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत 10.93 करोड़ रुपये है। मुंब्रा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने तीनों आरोपियों को 18 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी इमैनुएल और उस्मान के खिलाफ मुंबई तथा नवी मुंबई में पहले भी ड्रग्स से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनके पासपोर्ट, भारत में रहने की वैधता और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।

Tegs: #Drugs worth ₹10.93 crore seized in Thane; three foreign nationals arrested

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *