रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सेल के बोकारो स्टील प्लांट के टीसी गेट से फ्लाई ऐश लेकर निकलने वाले हाइवा वाहनों में क्षमता से अधिक भार लादे जाने का आरोप झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने लगाया है। इसे लेकर जेएलकेएम जिलाध्यक्ष ने परिवहन विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि जेएलकेएम के बोकारो जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार महतो ने इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी (डिटीओ) को आवेदन दिया है। आवेदन में कहा गया है कि बीएसएल से फ्लाई ऐश की ढुलाई भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के लिए एचजीईआईएल के हजारीबाग तथा कसमार के बगियारी स्थित प्लांट तक की जा रही है। आरोप है कि कई वाहनों में निर्धारित मात्रा से अधिक फ्लाई ऐश लादकर सड़क पर परिचालन किया जा रहा है।
जेएलकेएम का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के परिचालन से दुर्घटना की आशंका बढ़ने के साथ सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। संगठन ने वाहनों की भार क्षमता की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। जिलाध्यक्ष महतो ने कहा कि विभाग मामले की जल्द जांच कर आवश्यक कार्रवाई करे। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर संगठन के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। आवेदन की प्रति चास एवं बेरमो एसडीओ, बोकारो एसपी को भी दी गई है।
![]()













Leave a Reply