जनसंवाद में आमजनों से सीधा संवाद, त्वरित एवं समयबद्ध निवारण के दिए निर्देश
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आमजन की समस्याओं को सुनने और उनके त्वरित समाधान की दिशा में पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो नाथूर सिंह मीना ने 15 सितंबर को जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनों की शिकायतों, समस्याओं एवं सुझावों को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुना।
आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में बोकारो जिला के हद में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे रहिवासियों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी मीना ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौके पर ही संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निवारण पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और जरूरतमंद को समय पर उचित सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

इस अवसर पर एसपी मीना ने कहा कि आमजन की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य रहिवासियों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करना है। प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता और गंभीरता से लिया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन आमजन के विश्वास को बनाए रखने और बेहतर सुरक्षा एवं सेवा प्रदान करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद से न केवल समस्याओं के समाधान में तेजी आती है, बल्कि आपसी विश्वास और सहयोग भी मजबूत होता है। जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आमजनों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों और सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जनहित में पुलिस प्रशासन का यह प्रयास जनता और पुलिस के बीच विश्वास की कड़ी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
![]()













Leave a Reply