कार्यकाल पूरा होने का हवाला देकर संवेदक ने की असमर्थता जाहिर
प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के अंगवाली उत्तरी पंचायत के लगभग 1350 कनेक्शनधारियों को लगभग एक महीने से लाल पानी, यानि बिना फिल्टर्ड किए ही जलापूर्ति की जा रही है। जिससे पंचायत क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
इस संबंध में विभिन्न घटकों से दूरभाष पर बातचीत कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली गयी। बताया गया कि कथित संवेदक (कंपनी) की ओर से देखरेख के लिए प्रतिनियुक्त मुख्य कर्मी निताई रजवार ने 31 अगस्त को बताया कि एलम (फिटकरी) व ब्लीचिंग पाउडर आदि के स्टॉक में खत्म होने पर ही ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। उसने बताया कि संवेदक ने कार्यकाल पूर्ण होने पर पल्ला झाड़ दिया है। पीएचईडी विभाग पेटरवार प्रखंड को व्यवस्था सुपुर्द कर दिया है। कथित संसाधनों की आपूर्ति कर जलापूर्ति व्यवस्था को जारी रखने के प्रतिvसंवेदक ने असमर्थता व्यक्त की है।
पंचायत की जल-स्वच्छता विभाग के जलसहिया पति रामबिलास रजवार से पूछे जाने पर बताया कि पंचायत स्तर पर पूर्व में 310/रुपए की दर से 750 ग्रामीणों को कनेक्शन दिया गया, जबकि 6 सौ से अधिक रहिवासियों को संवेदक की ओर से वाटर कनेक्शन मिला था।जलसहिया पति रजवार ने बताया कि उक्त उगाही की गई राशि पंचायत स्वच्छता समिति के खाते में जमा है।
यह भी जानकारी मिली है कि संवेदक के कार्यकाल में ही एक मोटर पंप की चोरी हुई है, जिसकी आपूर्ति अबतक नहीं हो सकी। यह जानकारी मिलने के बाद प्रखंड पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता प्रतीक कुमार सिंहा से इस संदर्भ में पूछा गया तो उन्होंने स्वीकारा कि संवेदक ने जिम्मेवारी दे दी है, फिर भी व्यवस्था को देख रही थी। कनीय अभियंता ने पंचायत स्तर पर ग्रामीणों के साथ बैठक करना उचित माना। कहा कि फिलवक्त संवेदक उक्त चोरी गई मोटर पंप की आपूर्ति करेगा और एलम आदि भी। पंचायत के मुखिया धर्मेंद्र कपरदार ने जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बहुत जल्द अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों संग बैठक आयोजित करने पर जोर दिया।
![]()













Leave a Reply