Advertisement

उत्क्रमित उच्च विद्यालय टांगटोना में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

प्रबंध समिति व छात्रों ने शिक्षकों को किया सम्मानित, गुरुजनों के योगदान को नमन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय टांगटोना में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंध समिति के सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के सभी शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में अपने विचार प्रस्तुत किए तथा गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत, संस्कार एवं नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। सम्मान समारोह को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार महतो ने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य को सही दिशा देते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही शिक्षक का दायित्व नहीं है, बल्कि उन्हें संस्कारवान, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी शिक्षक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों की मेहनत के साथ-साथ अभिभावकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। सभी शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।

शिक्षक कपिलेश्वर महतो ने कहा कि गुरु का स्थान भारतीय संस्कृति में हमेशा सर्वोच्च रहा है। शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव से विद्यार्थियों को जीवन की सही राह दिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने और उनकी सीख को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। शिक्षिका सरिता देवी ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के अंदर कोई न कोई प्रतिभा जरूर होती है। जरूरत है उसे पहचानने और सही दिशा देने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नियमित पढ़ाई करने, समय का सदुपयोग करने और अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी से मेहनत करने का आह्वान किया। शिक्षक रथु महतो ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों को सम्मानित किया जाना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है। कहा कि शिक्षक तभी सफल माना जाता है, जब उसके विद्यार्थी जीवन में आगे बढ़कर समाज और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखते रहने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष भूषण महतो ने कहा कि विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रबंध समिति हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की मजबूत नींव तैयार करते हैं। शिक्षकों के सम्मान से विद्यार्थियों में संस्कार और गुरुजनों के प्रति आदर की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं एवं प्रबंध समिति के सदस्यों ने सभी शिक्षकों को सम्मानित किया। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका, प्रबंध समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित रहे। समारोह ने गुरु के प्रति सम्मान, शिक्षा के महत्व और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *