Advertisement

दांतू में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दांतू स्थित राष्ट्रीय उच्च पथ (NH-32) पर 22 दिसंबर को संध्या लगभग 3 बजे सड़क दुर्घटना हो गयी। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान दांतू, पंचायत सोनपुरा के सोनहर रहिवासी रतन मांझी के 24 वर्षीय पुत्र अनिल मरांडी के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय रहिवासियों के अनुसार दांतू स्थित उक्त मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। घटना पर शोक व्यक्त करते हुए सोनपुरा पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर हेंब्रम ने कहा कि दांतू स्थित NH-32 का यह हिस्सा लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।

प्रशासन को अविलंब यहां स्पीड ब्रेकर, संकेतक और अन्य सुरक्षा उपाय करना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े। वहीं दांतू के पंचायत समिति सदस्य नागेंद्र कुमार ने कहा कि युवा की असमय मौत बेहद दु:खद है। कहा कि यहां पर्याप्त सड़क सुरक्षा में लापरवाही के कारण लगातार राहगीरों की जान जा रही हैं। वे प्रशासन से मांग करते हैं कि इस स्थान को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर त्वरित कार्रवाई की जाए। जनप्रतिनिधियों ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का भरोसा भी दिलाया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *